Sambhal News: टिकट मिले या न मिले, कमल खिलाने के लिए जुटेंगे... उमंग अग्रवाल का बड़ा दावा, बोले- सम्भल की चारों सीटें जीतेगी भाजपा
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सम्भल में भाजपा के संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी के बीच नगर मंत्री उमंग अग्रवाल
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सम्भल में भाजपा के संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी के बीच नगर मंत्री उमंग अग्रवाल ने अपनी राजनीतिक सक्रियता और चुनावी तैयारियों को लेकर खुलकर बात रखी। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा में टिकट का फैसला शीर्ष नेतृत्व करता है। टिकट किसी को भी मिले, सभी कार्यकर्ता मिलकर कमल का फूल खिलाने के लिए चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में जमीनी कार्यकर्ता भी टिकट की दावेदारी कर सकता है, यहां पैसों की सेटिंग से टिकट नहीं मिलता।
अपनी दावेदारी के सवाल पर उमंग अग्रवाल ने बताया कि वह लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं और बूथ अध्यक्षों के घर जाकर उनका सम्मान कर रहे हैं। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में भी पार्टी के लिए सक्रिय रहने की बात कही। सम्भल को समाजवादी पार्टी का गढ़ बताए जाने पर उमंग अग्रवाल ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि सम्भल को सपा का गढ़ किस आधार पर माना जाता है? उन्होंने नगरपालिका चुनाव का हवाला देते हुए सपा पर तंज कसा और कहा कि विधानसभा में इस बार भाजपा की सीधी टक्कर साइकिल से होगी। विकास के मुद्दे पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, गंगा एक्सप्रेस-वे का कट, रोडवेज और मेडिकल कॉलेज को भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताया। साथ ही दावा किया कि भाजपा इस बार सम्भल जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। वहीं, विधायक बनने पर पहले 100 दिनों के एजेंडे को लेकर उन्होंने सम्भल में यूनिवर्सिटी, रेलवे लाइन और युवाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। हालांकि, किसी निश्चित समयसीमा या परियोजना का विस्तृत खाका पेश करने के बजाय उन्होंने सम्भल के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। उमंग अग्रवाल के इस बयान से साफ है कि उनकी नजर 2027 के चुनाव पर है, लेकिन टिकट का अंतिम फैसला वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर छोड़ रहे हैं।
What's Your Reaction?

