उत्साह और जनसहभागिता के साथ निकली स्कूल चलो अभियान-2026 की जागरूकता रैली

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, हरदोई द्वारा स्कूल चलो अभियान-2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को

Jul 18, 2026 - 15:27
22 Views
उत्साह और जनसहभागिता के साथ निकली स्कूल चलो अभियान-2026 की जागरूकता रैली
उत्साह और जनसहभागिता के साथ निकली स्कूल चलो अभियान-2026 की जागरूकता रैली

हरदोई। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, हरदोई द्वारा स्कूल चलो अभियान-2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से गांधी भवन तक भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना तथा स्कूल से बाहर रह गए बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रति जनजागरूकता फैलाना था।

रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, डायट प्राचार्य रमेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभास कुँवर श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी डी.एल. राना एवं रतन लाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

रैली में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया तथा अभिभावकों से प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की। कलेक्ट्रेट से गांधी भवन तक निकली रैली के दौरान शिक्षा संबंधी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभास कुँवर श्रीवास्तव ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा प्रत्येक पात्र बालक-बालिका को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों का निकटतम परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराने का आग्रह किया।

इस अवसर पर सर्वाधिक नामांकन वृद्धि करने वाले पांच विद्यालयों बरसोहिया, गोंडाराव, काला आम, बसोहा सुमई और सहोरिया बुजुर्ग के प्रधानाध्यापकों को मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।रैली के सफल आयोजन में ईएमआईएस इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार, डीसी राहुल दुबे, एसआरजी आशीष कुमार मिश्र, समस्त एआरपी, अभय सिंह, शिव कुमार, पुष्पेन्द्र एवं अजीत शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को जलपान भी वितरित किया गया।

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से आयोजित यह रैली शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

Also Read- Hardoi News: 1965 भारत-पाक युद्ध के शहीद धर्मपाल सिंह की प्रतिमा का अनावरण, जिला पंचायत अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow