Sitapur News Today: सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का सिधौली में जोरदार स्वागत
समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के सिधौली आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत
संदीप चौरसिया की रिपोर्ट सीतापुर
सिधौली/सीतापुर समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के सिधौली आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के अभिनंदन के लिए सपा प्रदेश सचिव एवं 153 विधानसभा मिश्रिख से पार्टी की प्रबल दावेदार कुमुद लता सैकड़ों समर्थकों के साथ सिधौली पहुंचीं। प्रदेश अध्यक्ष का काफिला सिधौली पहुंचते ही कुमुद लता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और पार्टी के प्रति उत्साह का प्रदर्शन किया। स्वागत कार्यक्रम में जयकरण राजवंशी, सौरभ यादव, राहुल यादव, शिवम प्रजापति और सुजीत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
इसके बाद श्यामलाल पाल सिधौली में आयोजित ‘PDA पंचायत’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में कुमुद लता भी अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहीं।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहें और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाएं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की मजबूती का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के दम पर पार्टी आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने को कहा। वहीं, कुमुद लता के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों के सिधौली पहुंचने को मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र में सपा की चुनावी सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
What's Your Reaction?







