Sitapur News Today: मूसलाधार बारिश में दो घरों पर गिरा विशालकाय बरगद, एक घायल; मकान क्षतिग्रस्त
विकास खंड खैराबाद की ग्राम पंचायत टिकरिया के अमीरपुर गांव में सुबह मूसलाधार बारिश के बीच एक विशालकाय बरगद
रिपोर्ट: संदीप चौरसिया, सीतापुर
खैराबाद/सीतापुर विकास खंड खैराबाद की ग्राम पंचायत टिकरिया के अमीरपुर गांव में सुबह मूसलाधार बारिश के बीच एक विशालकाय बरगद का पेड़ अचानक दो मकानों पर जा गिरा। हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। पेड़ गिरने से दोनों मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घरों में रखा सामान भी नष्ट हो गया। पेड़ की चपेट में आने से परमेश्वर घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय परिवार के लोग घरों में सो रहे थे। अचानक पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने घायल परमेश्वर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, पेड़ के नीचे मकानों के दबने से दोनों परिवारों का काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बरगद का विशाल पेड़ कमजोर हो गया था। पेड़ इतना बड़ा था कि उसके गिरने से मकानों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की जानकारी के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे उनमें नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों और घरेलू सामान के नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?







