Sitapur News Today: बरसात के बीच काशीराम कॉलोनी में चला बुलडोजर, सड़क किनारे दुकानदारों पर हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों का आरोप- बिना नोटिस कार्रवाई से प्रभावित हुआ रोजगार, एक घंटे में सामान हटाने का अल्टीमेटम
संदीप चौरसिया की रिपोर्ट सीतापुर
सीतापुर/ शहर की काशीराम कॉलोनी में सड़क किनारे दुकान और कारोबार कर रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। प्रशासनिक टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कार्रवाई से पहले उन्हें न तो कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही नोटिस दिया गया। उनका कहना है कि प्रशासन की टीम अचानक बुलडोजर लेकर पहुंची और दुकानदारों को करीब एक घंटे में अपना सामान हटाने के लिए कहा गया। दुकानदारों का कहना है कि दुकान में रखा सामान, ठेला और अन्य सामग्री इतनी कम अवधि में व्यवस्थित तरीके से हटाना मुश्किल था। इसके बाद प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई, जिससे सड़क किनारे कारोबार करने वाले कई लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क किनारे छोटे-मोटे कारोबार के सहारे परिवार चलाने वाले लोगों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उनका सवाल है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जरूरी होने के बावजूद प्रभावित दुकानदारों के लिए पहले कोई वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्रवाई से प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनका रोजगार पूरी तरह प्रभावित न हो।
Also Read- UP Japan Partnership: सेमीकंडक्टर से स्किल डेवलपमेंट तक यूपी-जापान सहयोग को मिलेगी नई रफ्तार, जापानी टीम करेगी यूपी का दौरा
What's Your Reaction?







