लखनऊ में भू-माफियाओं का आतंक: 20 से अधिक परिवारों के आशियानों पर चलाया JCB, रजिस्ट्रीशुदा प्लॉटों पर जबरन कब्जे का प्रयास

राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र अंतर्गत भरावन कला इलाके से भू-माफियाओं की दबंगई और जमीनों पर अवैध कब्जे का एक

By INA News Desk
Jun 15, 2026 - 15:20
107 Views
लखनऊ में भू-माफियाओं का आतंक: 20 से अधिक परिवारों के आशियानों पर चलाया JCB, रजिस्ट्रीशुदा प्लॉटों पर जबरन कब्जे का प्रयास
लखनऊ में भू-माफियाओं का आतंक: 20 से अधिक परिवारों के आशियानों पर चलाया JCB, रजिस्ट्रीशुदा प्लॉटों पर जबरन कब्जे का प्रयास

लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र अंतर्गत भरावन कला इलाके से भू-माफियाओं की दबंगई और जमीनों पर अवैध कब्जे का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां लगभग तीन साल पहले अपनी गाढ़ी कमाई से प्लॉट खरीदने वाले करीब 40-50 लोगों के सपनों पर प्रॉपर्टी डीलरों ने जबरन बुलडोज़र (JCB) चलवाकर उन्हें जमींदोज कर दिया। दबंग डीलर अब पीड़ितों को धमकी दे रहे हैं कि या तो पुराने रेट पर पैसे वापस ले लो या फिर जमीन भूल जाओ। इस घटना के बाद से इलाके के दर्जनों परिवारों में दहशत का माहौल है।

​रात के अंधेरे में JCB लेकर पहुंचे दबंग

​पीड़िता अर्चना सिंह (पत्नी संदीप सिंह) द्वारा पुलिस प्रशासन को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, उन्होंने और अन्य कई लोगों ने दुबग्गा के भरावन कला (खसरा संख्या- 1396) में प्लॉट खरीदे थे, जिनकी बकायदा कानूनी रजिस्ट्री हो चुकी है। किसी की रजिस्ट्री को एक साल तो किसी को दो-तीन साल हो चुके हैं। पीड़ितों ने अपने-अपने प्लॉटों पर बाउंड्री वॉल और गेट भी लगवा रखे थे।

​आरोप है कि 10 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे क्षेत्र के दबंग प्रॉपर्टी डीलर तमीम अहमद, अश्फाक, जितेन्द्र और सत्रोहन अपने साथ अज्ञात गुर्गों और JCB (जीसीबी) लेकर मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने रात के अंधेरे में तांडव मचाते हुए अर्चना सिंह सहित वहां मौजूद 20 से अधिक लोगों के प्लॉटों की बाउंड्री वॉल और गेट को पूरी तरह से ध्वस्त (मिसमार) कर दिया। इतना ही नहीं, प्लॉटों पर निर्माण कार्य के लिए रखी गई सीमेंट और सरिया जैसी निर्माण सामग्री को भी दबंग ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर चोरी कर ले गए।

​"पुराने रेट पर पैसे लो, नहीं तो जान से मार देंगे"

​पीड़ितों का आरोप है कि ये चारों प्रॉपर्टी डीलर बेहद शातिर और भू-माफिया किस्म के लोग हैं, जिनका मकसद पूरी जमीन को हड़पकर उसे दोबारा महंगे दामों पर बेचना है। जब पीड़ितों ने इस अवैध कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें सरेआम धमकी दी। दबंगों ने कहा:
​"तुम लोग अपने-अपने प्लॉट भूल जाओ। या तो चुपचाप पुराने रेट पर हमसे पैसे वापस ले लो, नहीं तो तुम लोगों को जान से खत्म कर देंगे।"

​इस धमकी के बाद से पीड़िता अर्चना सिंह, उनके पति , नीलम सिंह और वहां प्लॉट लेने वाले दर्जनों अन्य आवदेक (जैसे संदीप सिंह, आशीष सिंह, प्रदीप कुमार, सीमा, रीना सिंह आदि) अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर बेहद डरे हुए हैं।

  • ​पीड़ितों ने लगाई न्याय की गुहार

​घटना के बाद आक्रोशित पीड़ितों ने एकजुट होकर स्थानीय थाना प्रभारी और पुलिस के उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी जीवनभर की पूंजी लगाकर लखनऊ में जमीन खरीदी थी, लेकिन अब ये भू-माफिया प्रशासन के खौफ से बेफिक्र होकर उनकी जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करने पर आमादा हैं। पीड़ितों ने मांग की है कि उनकी जमीनों को सुरक्षित कराया जाए और इन भू-माफियाओं को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।

Also Read- UP के शामली में उच्च शिक्षित हिंदू युवक के सुनियोजित धर्मांतरण से हड़कंप, जिम ट्रेनर युवती की आड़ में रची गई बड़ी साजिश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement