- उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं से युवा मत्स्य पालक अंकित विशाल ने रची सफलता की मिसाल
सहायक निदेशक मत्स्य डॉ0 मुनीश कुमार ने बताया है, कि उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं तकनीकी प्रशिक्षण का लाभ उठाकर जनपद के तहसील सण्डीला के मूल निवासी युवा मत्स्य पालक अंकित विशाल ने आधुनिक मत्स्य पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उनकी सफलता इस बात का उदाहरण है कि सरकार की योजनाओं का प्रभावी ढंग से लाभ लेकर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
वह ग्रेजुएट करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहे थे परन्तु काफी समय बीत जाने के बाद उन्हें सरकारी नौकरी नहीं मिली जिसके चलते उनकी आर्थिक स्थिति बिगडती गई तब उनके मन में मछली पालन व्यवसाय करने की उत्सुकता जगी परन्तु मछली के बारे में जानकारी न होने के कारण वह जिले के मत्स्य विभाग कार्यालय पहुंचे वहां उन्होंने सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना जैसी विभिन्न योजनाओ की जानकारी प्राप्त की, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश के मार्गदर्शन में उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आईसीएआर-सीआईएफए, केंद्रीय मत्स्य शिक्षा संस्थान, सीआईएफआरआई एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत उन्होंने री-सर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम की स्थापना की, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग द्वारा रू/- 30 लाख का अनुदान प्रदान किया गया। वर्तमान में उनकी इकाई में 8 टैंक संचालित हैं, जिनमें लगभग 60,000 मछलियों का पालन किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक एवं गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज के उपयोग से प्रतिवर्ष लगभग 40 से 45 टन मत्स्य उत्पादन प्राप्त हो रहा है, जिससे उन्हें 10 से 15 लाख तक का वार्षिक शुद्ध लाभ अर्जित हो रहा है। इसके साथ ही उनके उद्यम से स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं। सहायक निदेशक ने बताया कि प्रदेश सरकार मत्स्य पालन को लाभकारी एवं वैज्ञानिक व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं वित्तीय सहायता के माध्यम से प्रदेश के युवा एवं किसान आधुनिक मत्स्य पालन अपनाकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंकित विशाल की सफलता उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं मत्स्य विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनकी उपलब्धि अन्य युवाओं एवं किसानों को आधुनिक मत्स्य पालन अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगी।