सहारनपुर में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा संदिग्ध मामला: कमरे में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी 

थाना सदर बाजार क्षेत्र की एसबीआई कॉलोनी स्थित तिरंगा चौक के पास एक मकान में युवक और युवती के शव मिलने

Jul 2, 2026 - 10:42
55 Views
सहारनपुर में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा संदिग्ध मामला: कमरे में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी 
Ai pic

सहारनपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की एसबीआई कॉलोनी स्थित तिरंगा चौक के पास एक मकान में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों शव बरामद किए। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को प्रेम-प्रसंग से जुड़ी आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है और काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खोल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने खिड़की से अंदर देखा तो संदिग्ध स्थिति दिखाई देने पर आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर एक पुरुष और एक महिला के शव पड़े मिले। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक एवं फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मृतक की आयु लगभग 39 वर्ष बताई गई है, जो मूल रूप से केरल का निवासी था और सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। मृतका की आयु लगभग 24 वर्ष है और वह थाना गागलहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से संबंधित प्रतीत हो रहा है। शुरुआती जांच में मृतक द्वारा हाथ की कलाई की नस काटने के बाद कमरे की खिड़की से पार्शियल हैंगिंग कर आत्महत्या करने की संभावना जताई गई है, जबकि मृतका के विषैले पदार्थ का सेवन करने की आशंका है। महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Also Read- Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी में रोडरेज की खूनी वारदात, बाइक टच होने पर प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में किशोर को उतारा मौत के घाट

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow