Hardoi: पशुचर भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा, कब्जा मुक्त भूमि पर कराया गया वृक्षारोपण

नगर पालिका परिषद संडीला ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए

Jul 16, 2026 - 10:09
57 Views
Hardoi: पशुचर भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा, कब्जा मुक्त भूमि पर कराया गया वृक्षारोपण
पशुचर भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा, कब्जा मुक्त भूमि पर कराया गया वृक्षारोपण

रिपोर्ट : मुकेश सिंह सोमवंशी

संडीला (हरदोई)। नगर पालिका परिषद संडीला ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम महतवाना स्थित पशुचर भूमि से अवैध कब्जा हटवाया। कब्जा मुक्त कराई गई भूमि पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी कराया गया।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में गाटा संख्या 166, ग्राम महतवाना स्थित नगर पालिका क्षेत्र के बाहर स्थित पशुचर भूमि की पैमाइश कराई गई। जांच के दौरान किसानों द्वारा किए गए अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लगभग 2.314 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर पालिका की संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कब्जा मुक्त कराई गई भूमि पर वृक्षारोपण कराकर उसका सदुपयोग सुनिश्चित किया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की संभावना भी कम होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान के दौरान जेई (निर्माण) गौरव शुक्ला, राजस्व निरीक्षक विवेक कुमार पाल, लेखपाल अनुपम राठौर, संपत्ति लिपिक अब्दुल मुईन सहित राजस्व विभाग एवं नगर पालिका परिषद की टीम मौजूद रही। प्रशासन की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे सरकारी संपत्तियों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

Also Click : Hardoi News: इनर व्हील क्लब हरदोई डीओडी का 11वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न, सोनिया मिश्रा बनीं नई अध्यक्ष

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow