Hardoi News: किसानों के साथ खड़ी योगी सरकार: हरदोई में राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने वितरित किए सांकेतिक चेक
बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को ₹493 करोड़ की सहायता, 9 लाख से अधिक किसानों के खातों में पहुंची राशि
हरदोई। बाढ़, अतिवृष्टि एवं चक्रवात से फसल क्षति झेलने वाले किसानों को राहत पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सहायता राशि का अंतरण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 9 लाख से अधिक प्रभावित किसानों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से ₹493 करोड़ की कृषि निवेश अनुदान राशि भेजी गई।

कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हरदोई कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में किया गया। यहां उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, जिलाधिकारी राहुल पांडेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का प्रसारण देखा। इसके बाद प्रभावित किसानों को प्रतीकात्मक रूप से सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
- प्रभावित किसानों को समय पर मदद पहुंचाना प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से प्रभावित किसानों को समय से सहायता उपलब्ध कराने के लिए धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें समय पर राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
- सर्वे और सहायता वितरण का कार्य जारी
राज्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सहायता राशि के वितरण और फसल क्षति के सर्वे का कार्य लगातार जारी है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र प्रभावित किसानों को समयबद्ध तरीके से सहायता उपलब्ध कराई जाए। सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना और उन्हें कृषि कार्यों को दोबारा सुचारु रूप से आगे बढ़ाने में मदद करना है।
What's Your Reaction?