यूपी में ऑनलाइन फूड स्टोर्स पर एफएसडीए का बड़ा एक्शन: 4 के लाइसेंस सस्पेंड, वेयरहाउस में मिले कॉकरोच
यूपी में एफएसडीए ने ब्लिंकिट, जेप्टो और रिलायंस के डार्क स्टोर्स पर छापा मारा। गंदगी और नियमों के उल्लंघन पर 4 के लाइसेंस निलंबित कर काम बंद कराया गया।
लखनऊ। ऑनलाइन माध्यम से घर-घर पहुंचने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा जांचने के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेशव्यापी सख्त रुख अपनाया है। विभाग की ओर से संचालित 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत ब्लिंकिट, जेप्टो, अमेजन, रिलायंस और मेट्रो समेत कई प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों के वेयरहाउस तथा डार्क स्टोर्स पर सघन जांच की गई। इस कार्रवाई के दौरान गंभीर कमियां मिलने पर चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका खाद्य व्यापार पूरी तरह बंद करा दिया गया है।

राज्यभर में अब तक कुल 149 स्थानों पर औचक जांच की गई है, जिनमें से 79 मामलों में सुधार नोटिस जारी करने की संस्तुति की गई है। इसके साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठानों से 21 खाद्य नमूने सील कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ऑनलाइन ऑर्डर पर सप्लाई होने वाले खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान प्रबंधन, स्वच्छता और लाइसेंस नियमों का कड़ाई से पालन कराना है।

जांच के दौरान गाजियाबाद में आरडीएल के पास स्थित जेप्टो के वेयरहाउस में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। परिसर में जगह-जगह गंदगी, दीवारों पर जाले, टूटी फर्श और खाद्य सामग्री के पास कॉकरोच घूमते मिले। स्वच्छता से जुड़े इन गंभीर उल्लंघनों को देखते हुए संबंधित स्टोर का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

वहीं कानपुर नगर में रिलायंस मार्ट, मेट्रो और जेप्टो के परिसरों में भंडारण और अभिलेखों से जुड़ी गड़बड़ियां मिलीं। यहां लाइसेंस में तय मानकों के विपरीत कोल्ड स्टोरेज और नियंत्रित तापमान वाले चैंबर नदारद थे। इसके अलावा वर्षों पहले पद छोड़ चुके व्यक्ति का नाम भी लाइसेंस में दर्ज मिला और कई उत्पादों पर निर्धारित बेस्ट बिफोर नियमों की अनदेखी पाई गई, जिसके बाद इन केंद्रों का कारोबार रोक दिया गया।

उधर आगरा में रिलायंस स्टोर की पड़ताल के दौरान लगभग 68 हजार रुपये मूल्य के 'राय लाइज' ब्रांड के मखाने के 273 पैकेट जब्त कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों के भंडारण से लेकर होम डिलीवरी तक स्वच्छता, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और पैकिंग से जुड़े मानकों पर नियमित निगरानी जारी रहेगी।
What's Your Reaction?

