यूपी की 11 नदियों में नावों का पंजीकरण अनिवार्य: बनेगी इनलैंड वाटर अथॉरिटी, कैबिनेट ने नई नियमावली को दी मंजूरी
योगी कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलयान नियमावली 2026 को मंजूरी दी। 11 नदियों में नावों का पंजीकरण अनिवार्य होगा और इनलैंड वाटर अथॉरिटी का गठन किया जाएगा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की नदियों में जल परिवहन को आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से योगी सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में संपन्न कैबिनेट बैठक में 'उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलयान नियमावली, 2026' के प्रख्यापन को औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत प्रदेश में जल परिवहन के प्रभावी नियमन और निगरानी हेतु एक समर्पित ‘इनलैंड वाटर अथॉरिटी’ (अंतर्देशीय जल प्राधिकरण) का गठन किया जाएगा, जिसके अध्यक्ष राज्य के परिवहन मंत्री होंगे।
प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कैबिनेट निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि यह नियमावली उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलयान नियम, 2002 का स्थान लेगी। इसे केंद्र सरकार के 'अंतर्देशीय जलयान अधिनियम, 2021' के प्रावधानों के अनुरूप आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कुल 16 अध्यायों में विभाजित इस नियमावली के अध्याय 1 से 14 तक यांत्रिक जलयानों (मोटर बोट/स्टीमर), अध्याय 15 में गैर-यांत्रिक पारंपरिक नावों और अध्याय 16 में दोनों श्रेणियों के जलयानों के सुरक्षित संचालन व निगरानी संबंधी विस्तृत मानक तय किए गए हैं।
11 प्रमुख नदियों में अनिवार्य होगा पंजीकरण प्रस्तावित नियमावली के अंतर्गत प्रदेश की 11 प्रमुख जीवनदायिनी नदियों—जिनमें गंगा, यमुना, सरयू, घाघरा आदि शामिल हैं—में संचालित होने वाली सभी प्रकार की यांत्रिक, गैर-यांत्रिक नावों और स्टीमरों का विधिवत पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। नावों की वहन क्षमता और यात्री संख्या के आधार पर पारदर्शी पंजीकरण शुल्क तय किया जाएगा, जबकि परंपरागत गैर-यांत्रिक नावों के लिए यह शुल्क मात्र 50 रुपये प्रस्तावित है। इससे जलमार्गों पर संचालित होने वाली प्रत्येक नाव और नाविक का आधिकारिक डेटाबेस तैयार हो सकेगा।
यात्रियों और नाविकों के लिए बीमा सुरक्षा कवच जल परिवहन के दौरान किसी भी अप्रिय दुर्घटना की रोकथाम और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यात्रियों के साथ-साथ नाविकों के लिए भी अनिवार्य बीमा व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। असंगठित क्षेत्र से जुड़े छोटे नाविकों का व्यवस्थित रिकॉर्ड संकलित होने से उन्हें शासन की सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त हो सकेगा। इसके अतिरिक्त नदी पर्यटन (रिवर क्रूज टूरिज्म), हरित जलमार्गों के विकास और स्थानीय स्तर पर कार्गो लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा मिलने से नाविक समुदाय की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मानक अपनाने के लिए 90 दिन की मोहलत नई नियमावली को अंतिम रूप से अधिसूचित किए जाने से पूर्व केंद्रीय अंतर्देशीय जलयान अधिनियम, 2021 की धारा 107 के तहत जनहित में आपत्तियों और सुझावों हेतु प्री-पब्लिकेशन अधिसूचना जारी की जाएगी। नियमावली लागू होने की आधिकारिक तिथि से वर्तमान में नदियों में संचालित सभी मौजूदा जलयानों और नावों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने के लिए 90 दिन का समय दिया जाएगा।
What's Your Reaction?

