यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में महकी कन्नौज के इत्र की खुशबू: पांचवीं पीढ़ी ने पेश किए नए उत्पाद
ग्रेटर नोएडा ट्रेड शो में कन्नौज के पारंपरिक इत्र की खुशबू छाई। पांचवीं पीढ़ी ने पारंपरिक अत्तर के साथ ऑर्गेनिक और अरोमाथेरेपी उत्पादों का प्रदर्शन किया।
ग्रेटर नोएडा। भारत की इत्र राजधानी के नाम से विख्यात कन्नौज की सदियों पुरानी खुशबूदार विरासत अब आधुनिक बाजार और प्राकृतिक जीवनशैली की मांग के अनुसार नए रूप में दुनिया के सामने आ रही है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में कन्नौज के पारंपरिक अत्तर और सुगंधित उत्पादों का स्टॉल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। एक सदी से भी अधिक समय से सुगंध की परंपरा को जीवित रखने वाले कारीगरों के उत्पादों ने हर किसी को अपनी ओर आकर्षित किया है।
कन्नौज के प्रसिद्ध इत्र निर्माण से जुड़ी पांचवीं पीढ़ी इस ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक उपभोक्ता वर्ग की पसंद और ऑर्गेनिक जीवनशैली के तालमेल के साथ प्रस्तुत कर रही है। स्टॉल पर शुद्ध गुलाब जल, पंचपुष्प जल और पारंपरिक विधि से तैयार अत्तर की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। इसके अलावा वर्तमान समय में तेजी से बढ़ती प्राकृतिक और रासायनिक मुक्त उत्पादों की मांग को ध्यान में रखते हुए एसेंशियल ऑयल्स, ऑर्गेनिक हेयर एवं स्किन केयर उत्पाद तथा तनावमुक्ति में सहायक अरोमाथेरेपी सेल्फ-केयर किट भी प्रदर्शित किए गए हैं। पारंपरिक इत्र निर्माण की प्राचीन पद्धतियों और आधुनिक कल्याणकारी उत्पादों का यह समन्वय खरीदारों को खूब पसंद आ रहा है।
अमरनाथ मिश्रा एंड कंपनी के संचालक अमिताभ मिश्रा ने बताया कि सभी सुगंधित और प्रसाधन उत्पादों को तैयार करने में पूरी तरह प्राकृतिक और वनस्पति आधारित तत्वों के संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे उनकी शुद्धता और प्रभावशीलता अक्षुण्ण रहे।
कंपनी की सहयोगी डॉ. रत्ना मिश्रा ने कहा कि सरकार की व्यापार प्रोत्साहन नीतियों के चलते इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक मंच सुलभ हुआ है। उन्होंने बताया कि इस ट्रेड शो के माध्यम से देश-विदेश के बड़े कारोबारी खरीदारों से सीधा संवाद स्थापित हुआ है, जिससे बी2बी सौदों के बड़े अवसर बने हैं और कन्नौज के पारंपरिक उद्योग को नए पंख मिल रहे हैं।
What's Your Reaction?