यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: गोरखपुर के लिट्टी-चोखा और छोले-समोसे के मुरीद हुए विदेशी
ग्रेटर नोएडा ट्रेड शो में गोरखपुर का देसी स्वाद छाया। लिट्टी चोखा और लहसुन वाले छोले समोसे के मुरीद हुए विदेशी मेहमान, स्टॉल्स पर उमड़ी भारी भीड़।
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में पूर्वी उत्तर प्रदेश के पारंपरिक खान-पान की खुशबू आगंतुकों को अपनी ओर खींच रही है। ट्रेड शो के विशाल फूड कोर्ट में गोरखपुर के 'एक जनपद एक व्यंजन' (ओडीओसी) में शामिल सत्तू भरी लिट्टी-चोखा और तीखे-चटपटे लहसुन वाले छोले-समोसे के स्टॉल पर सुबह से शाम तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भारतीय आगंतुकों के साथ-साथ विदेशी मेहमान भी इस ठेठ देसी स्वाद के मुरीद नजर आ रहे हैं।
व्यापारिक सौदों और औद्योगिक गतिविधियों के बीच भोजन प्रेमियों के लिए गोरखपुर के यह दो पारंपरिक स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। मेसर्स बाटी चोखा के संचालक गंगाधर दूबे ने बताया कि उनके स्टॉल पर देश के विभिन्न राज्यों से आए लोगों के अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी लिट्टी-चोखा का आनंद लिया। कई विदेशी मेहमान इसका स्वाद लेने के बाद दोबारा स्टॉल पर पहुंचे। महज तीन दिनों के भीतर इस स्टॉल से लगभग तीन लाख रुपये की बिक्री दर्ज की गई है। उन्होंने पारंपरिक व्यंजनों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने की पहल को स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यवसायियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
वहीं चौरीचौरा के मेसर्स चंद्रकेश हलवाई द्वारा लगाए गए लहसुन वाले छोले-समोसे के स्टॉल पर भी ग्राहकों का भारी तांता लगा रहा। संचालक चंद्रकेश प्रजापति के अनुसार तीखे और खास लहसुनी स्वाद के कारण समोसों की मांग इतनी अधिक है कि दिनभर फुर्सत नहीं मिल रही। स्टॉल पर पहुंचे कई आगंतुकों ने उनसे दिल्ली और एनसीआर में भी अपनी शाखा खोलने का आग्रह किया।
राज्य के पारंपरिक खान-पान को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई 'एक जनपद एक व्यंजन' पहल से स्थानीय कस्बों और गांवों के खान-पान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और बड़ा बाजार मिल रहा है।
Also Click : खैराबाद में भारी बारिश के बीच पालिका प्रशासन सक्रिय: जनरेटर से जलापूर्ति, राहत कार्य तेज
What's Your Reaction?