खैराबाद में भारी बारिश के बीच पालिका प्रशासन सक्रिय: जनरेटर से जलापूर्ति, राहत कार्य तेज
खैराबाद में भारी बारिश और बिजली संकट के बीच नगर पालिका ने जनरेटर से ट्यूबवेल चलाकर पानी की आपूर्ति की। जलभराव दूर करने को फील्ड में उतरी टीम।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
खैराबाद (सीतापुर)। तेज हवाओं और लगातार हो रही भारी बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। नगर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की समस्या को दूर करने और बिजली ठप होने से गहराए पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता, अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता और सफाई निरीक्षक मनोज कुमार राणा ने पालिका कर्मचारियों व संबंधित वार्डों के सभासदों के साथ विभिन्न मोहल्लों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने जल निकासी के रास्तों की पड़ताल की और जहां भी अवरोध था, उसे तत्काल दूर कराया। इसके अलावा तेज आंधी और हवा के दबाव से सड़कों पर गिरे पेड़ों की डालियों को हटवाकर आवागमन को सुचारू कराया गया।
क्षेत्र में लंबे समय से बिजली गुल रहने के कारण नलकूपों का संचालन बंद हो गया था, जिससे उत्पन्न पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए पालिका ने वैकल्पिक व्यवस्था की। नगर के दो प्रमुख नलकूपों और ओवरहेड टैंकों को शक्तिशाली जनरेटरों से जोड़कर चलाया जा रहा है, ताकि टंकियों में पानी भरकर पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही जिन इलाकों में पाइपलाइन से आपूर्ति बाधित है, वहां टैंकर भेजकर नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। समय पर की गई इस पहल से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है, जिस पर क्षेत्रवासियों ने पालिका प्रशासन की सराहना की है।
अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता ने बताया कि लगातार वर्षा के चलते नगर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सफाई व जलकल की टीमें चौबीसों घंटे फील्ड में तैनात हैं। अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव या पानी से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पालिका कार्यालय को दें ताकि समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
What's Your Reaction?