यूपी एमएलसी चुनाव: लिपिकीय त्रुटि पर भी वोट डाल सकेंगे मतदाता, मुख्य निर्वाचन अधिकारी के सख्त निर्देश
यूपी विधान परिषद चुनाव में मतदाता सूची में लिपिकीय या मुद्रण त्रुटि होने पर वोट डालने से नहीं रोका जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने दिए सख्त निर्देश।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 खंड स्नातक एवं 06 खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव में शत-प्रतिशत पारदर्शी और सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडलायुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर दो-टूक निर्देश दिए कि मतदाता सूची में मामूली लिपिकीय अथवा वर्तनी की अशुद्धियों के आधार पर किसी भी वैध मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित न किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संज्ञान दिलाया कि राजनीतिक दलों और विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से मतदाता सूची में मतदाताओं अथवा उनके परिजनों के नामों में लिपिकीय व मुद्रण संबंधी त्रुटियों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन विसंगतियों के समय रहते समाधान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय ही प्रत्येक मतदेय स्थल की निर्वाचक नामावली का सूक्ष्म मिलान कर आवश्यक सुधार दर्ज करने के आदेश जारी किए गए हैं।
आयोग ने समस्त पीठासीन अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया है कि बूथ पर पहुंचने वाले मतदाता की पहचान स्थापित हो जाने की स्थिति में केवल नाम, उपनाम या संबंधियों के विवरण में आंशिक मुद्रण त्रुटि दिखने पर मतदान से न रोका जाए। पहचान सुनिश्चित होते ही संबंधित व्यक्ति को नियमानुसार वोट डालने की अनुमति दी जाएगी।
मतदान दिवस पर मतदाताओं की व्यावहारिक समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी जनपदों में 24 घंटे क्रियाशील विशेष नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित करने के आदेश दिए गए हैं। इन कंट्रोल रूम्स के जरिए प्राप्त शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर मौके पर ही समाधान कराया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को इन दिशा-निर्देशों का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा है, ताकि मतदाताओं के बीच किसी प्रकार का भ्रम या आशंका न रहे। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर पाई गई शिथिलता या लापरवाही को बेहद गंभीरता से लिया जाएगा।
What's Your Reaction?

