यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: यूपी पुलिस के स्टॉल ने लगाई हैट्रिक, लगातार तीसरी बार जीता बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड
ग्रेटर नोएडा के यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश पुलिस के स्टॉल ने आधुनिक तकनीक व सेवाओं के दम पर लगातार तीसरी बार बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड जीता।
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के भव्य मंच पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने तकनीकी सामर्थ्य और जनसेवा के उत्कृष्ट प्रदर्शन से एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल किया है। सुरक्षा, त्वरित न्याय और डिजिटल पुलिसिंग के मॉडल को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने वाले यूपी पुलिस के प्रदर्शनी स्टॉल को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मेले में लगातार तीसरे वर्ष 'बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड' से नवाजा गया। यह सम्मान प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा द्वारा प्रदान किया गया, जिसे पुलिस मुख्यालय के साइबर अपराध पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव तथा यूपी 112 के मीडिया सेल प्रभारी करुणा शंकर सिंह ने ग्रहण किया।

ट्रेड शो के हॉल नंबर 4 में स्थापित यूपी पुलिस का मंडप पूरे आयोजन के दौरान देश-विदेश से आने वाले व्यापारियों, निवेशकों और सामान्य नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। पूरे पांच दिनों के दौरान लाखों की तादाद में लोगों ने स्टॉल का भ्रमण किया। प्रदर्शनी में मुख्य रूप से डिजिटल युग में आम जनता को साइबर ठगी से सुरक्षित रखने के तौर-तरीके, उन्नत तकनीक पर आधारित यूपी 112 आपातकालीन सेवा प्रणाली, आधुनिक निगरानी उपकरण और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को बड़े ही व्यवस्थित और प्रभावी रूप में प्रदर्शित किया गया था।

यह ऐतिहासिक उपलब्धि लगातार तीसरे साल दर्ज हुई है। इससे पहले भी वर्ष 2024 और 2025 के संस्करणों में यूपी पुलिस के स्टॉल को उसके प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण और नवाचारों के लिए बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड प्राप्त हुआ था। लगातार तीन वर्षों से मिल रही यह सफलता दर्शाती है कि उत्तर प्रदेश पुलिस पारंपरिक कार्यशैली से आगे निकलकर तकनीक-संचालित स्मार्ट पुलिसिंग के नए प्रतिमान स्थापित कर रही है। स्टॉल पर आए युवाओं और बच्चों ने भी फॉरेंसिक विज्ञान, संचार तकनीकों और पुलिसिंग के आधुनिक गैजेट्स के बारे में गहरी उत्सुकता दिखाई और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी के माध्यम से न केवल वर्तमान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रणालियों की आधुनिक तस्वीर प्रस्तुत की गई, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के समृद्ध इतिहास, कर्तव्यनिष्ठा और समयानुसार आए सकारात्मक बदलावों को भी जीवंत रूप में सामने रखा गया। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय आगंतुकों ने तकनीकी नवाचारों के सहारे अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में किए गए व्यापक सुधारों की मुक्तकंठ से सराहना की।
What's Your Reaction?