यूपीआईटीएस में सूचना विभाग का पवेलियन बना युवाओं की पहली पसंद, प्रतियोगी किताबों और सेल्फी जोन का दिखा क्रेज

ग्रेटर नोएडा के यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सूचना विभाग का स्टॉल युवाओं के ज्ञान, करियर और सेल्फी जोन के आकर्षण से पांच दिनों तक गुलजार रहा।

By INA News Desk
Sep 30, 2026 - 00:10
6 Views
यूपीआईटीएस में सूचना विभाग का पवेलियन बना युवाओं की पहली पसंद, प्रतियोगी किताबों और सेल्फी जोन का दिखा क्रेज
प्रतीकात्मक चित्र

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पवेलियन युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। पांच दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान विभाग का स्टॉल केवल पारंपरिक सूचनाएं देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह युवाओं के बौद्धिक विकास, करियर निर्माण और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से जानने का सशक्त माध्यम साबित हुआ। यही कारण रहा कि रोजाना सुबह से देर शाम तक यहां छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

पवेलियन में भारतीय इतिहास, संस्कृति, समसामयिक राजनीति, राष्ट्रीय विकास और प्रशासनिक परीक्षाओं से जुड़ी संदर्भ पुस्तकों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई थी। 'उत्तर प्रदेश वार्षिकी', 'बनारस तेरे रंग हजार', 'योगी का राम राज्य', 'तीर्थनामा अयोध्या', 'न्यू यूपी फॉर ए न्यू इंडिया' और 'विकसित यूपी विकसित भारत' जैसी प्रमाणिक पुस्तकों को देखने और पढ़ने के लिए युवाओं में जबर्दस्त होड़ रही। अनेक अभ्यर्थी घंटों बैठकर पुस्तकों के जरूरी अंशों का अध्ययन करते दिखे, जबकि कई युवाओं ने भविष्य में संदर्भ हेतु प्रकाशकों और पुस्तकों की सूची अपने मोबाइल में सहेजी। प्रतियोगी अभ्यर्थियों का कहना रहा कि राज्य स्तरीय परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकारी प्रकाशनों से बेहतर और विश्वसनीय स्रोत अन्यत्र मिलना कठिन होता है।

किताबों के साथ-साथ पवेलियन में तैयार किया गया विशेष डिजिटल सेल्फी जोन भी आगंतुकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा। युवाओं ने अयोध्या के भव्य राम मंदिर, वाराणसी के नमो घाट, वृंदावन के प्रेम मंदिर और सारनाथ के ऐतिहासिक स्तूप जैसी सांस्कृतिक धरोहरों के डिजिटल बैकग्राउंड के सामने सेल्फी लेने के लिए लंबी कतारें लगाईं। उत्साह का आलम यह था कि अपनी बारी के लिए युवाओं को करीब आधे घंटे तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। इसके अलावा उभरते भारत और आधुनिक उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को दर्शाते इलेक्ट्रॉनिक ग्लोब ने भी बच्चों और युवाओं को आकर्षित किया। सेल्फी लेने वाले प्रतिभागियों को विभाग की ओर से उपहार देकर प्रोत्साहित भी किया गया। मनोरंजन, समसामयिक ज्ञान और भविष्य की संभावनाओं को एक मंच पर पाकर युवा वर्ग खासा उत्साहित नजर आया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow