यूपीआईटीएस में सिंगारी इंडस्ट्रीज की वैश्विक उड़ान, 15 देशों के साथ ₹201 करोड़ के एमओयू

नोएडा की सिंगारी इंडस्ट्रीज ने यूपीआईटीएस में 15 देशों के साथ ₹201 करोड़ से अधिक के एमओयू किए। 50 से अधिक बी2बी बैठकों से वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई।

By INA News Desk
Sep 30, 2026 - 00:02
6 Views
यूपीआईटीएस में सिंगारी इंडस्ट्रीज की वैश्विक उड़ान, 15 देशों के साथ ₹201 करोड़ के एमओयू

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो राज्य में तैयार होने वाले उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने और स्थानीय विनिर्माण इकाइयों के लिए वैश्विक द्वार खोलने में मील का पत्थर साबित हुआ है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहली बार प्रतिभाग करने वाली नोएडा की सिंगारी इंडस्ट्रीज ने बड़ा कारोबारी कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी ने दुनिया के पंद्रह देशों के व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ 201 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के व्यापार समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान कंपनी ने पचास से अधिक उच्चस्तरीय बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) बैठकों के जरिए अपनी विनिर्माण क्षमता और उत्पाद गुणवत्ता का प्रभावी प्रदर्शन किया।

हॉल नंबर 14 के स्टॉल 01/61 पर कंपनी ने अपने आधुनिक विनिर्माण संयंत्र में तैयार किए गए एयर कूलर और अत्याधुनिक वॉशिंग मशीनों की पूरी श्रृंखला प्रदर्शित की थी। नोएडा के सेक्टर-80 में विनिर्माण इकाई संचालित करने वाली इस कंपनी के लिए यह वैश्विक मंच घरेलू स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सीधी पैठ बनाने और विदेशी खरीदारों से सीधा संवाद स्थापित करने का एक सुनहरा अवसर बन गया।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मेले के दौरान नाइजीरिया, इथियोपिया, बोत्सवाना, श्रीलंका, दुबई, केन्या, तंजानिया, ओमान, ब्रिटेन, भूटान, कैमरून तथा युगांडा सहित पंद्रह देशों के प्रतिनिधिमंडलों और व्यापारिक साझेदारों के साथ गहन विमर्श हुआ। इन वार्ताओं में घरेलू उपकरणों की कार्यक्षमता, आकर्षक डिजाइन, टिकाऊ गुणवत्ता, उत्पादन क्षमता और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के मानकों के अनुरूप प्रतिस्पर्धी मूल्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। इन बैठकों के आधार पर कंपनी को आने वाले समय में बड़े निर्यात ऑर्डर मिलने की राह आसान हो गई है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक डॉ. योगेंद्र सिंह ने कहा कि ट्रेड शो में उत्पादों का प्रदर्शन इस मायने में बेहद सफल रहा कि स्थानीय स्तर पर निर्मित सामानों ने विदेशी खरीदारों का भरोसा जीता। विदेशी प्रतिनिधियों ने भारतीय उत्पादों की उन्नत तकनीक और विश्वसनीयता में विशेष रुचि दिखाई। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ हुए इस सीधे संवाद से वैश्विक बाजार की प्राथमिकताओं और आपूर्ति तंत्र को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिली है। इस दौरान कंपनी के निदेशक गजेंद्र सिंह तथा निदेशक-वित्त नीरज गर्ग भी मौजूद रहे।

कंपनी प्रबंधन ने स्वीकार किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित यह व्यापार मेला प्रदेश के उद्यमियों को दुनिया के पटल पर ले जाने का एक मजबूत और पारदर्शी मंच प्रदान कर रहा है। 'मेड इन इंडिया' और 'मेड इन यूपी' के विजन को मजबूती देते हुए इस पहल ने साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश का विनिर्माण क्षेत्र अब अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा देने के लिए पूरी तरह सक्षम है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र तेजी से इलेक्ट्रॉनिक्स और उपभोक्ता उपकरणों के विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है, और ऐसे में स्थानीय कंपनियों की यह वैश्विक सफलता राज्य की औद्योगिक साख को नए आयाम दे रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow