बिजली आपूर्ति में यूपी का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, 90 दिनों में 49 बार देश में सबसे ज्यादा पावर सप्लाई
उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति में राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है। मई से जुलाई के बीच 49 बार देश में सर्वाधिक पावर सप्लाई देकर राज्य अव्वल रहा।
लखनऊ: भीषण गर्मी के दौरान लगातार बढ़ती बिजली की मांग के बीच उत्तर प्रदेश ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के आंकड़ों के अनुसार, 1 मई से 29 जुलाई के दौरान राज्य ने बिजली आपूर्ति के मामले में देशभर में पहला स्थान हासिल किया। इस अवधि के दौरान 49 दिनों तक उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे अधिक बिजली देने वाला राज्य बना रहा, जबकि 32 दिनों तक दूसरे स्थान पर रहा।
राज्य में 24 जून को अधिकतम मांग 32,673 मेगावाट दर्ज की गई, जिसकी सफलतापूर्वक आपूर्ति की गई। यह आंकड़ा देश के किसी भी राज्य द्वारा एक दिन में की गई अब तक की सबसे अधिक बिजली आपूर्ति है। इससे पहले राज्य में सर्वाधिक बिजली मांग का रिकॉर्ड 31,486 मेगावाट था। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश ने 5 अलग-अलग मौकों पर महाराष्ट्र की अब तक की सबसे उच्चतम बिजली मांग (32,317 मेगावाट) से भी अधिक बिजली सप्लाई कर अपने ऊर्जा ढांचे की क्षमता का प्रदर्शन किया है।
इस स्थिर और रिकॉर्ड पावर सप्लाई से आम नागरिकों के साथ-साथ उद्योग, व्यापार और कृषि क्षेत्र को भी बड़ी राहत मिली है। यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने बताया कि राज्य की बिजली व्यवस्था का लगातार सुदृढ़ीकरण किया गया है, जिससे भीषण गर्मी के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना संभव हो सका।
Also Click : यूपी में छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित, नोडल अधिकारी किए जाएंगे तैनात
What's Your Reaction?




