UP Roadways Chhath Special Buses: यूपी में सुरक्षित हुआ रात का सफर, छठ पर्व पर चल रहीं 14 हजार बसें, महिलाएं भी बेफिक्र कर रहीं यात्रा

यूपी में बेहतर कानून-व्यवस्था और परिवहन सुधार से रात का सफर सुरक्षित हुआ है। छठ पर्व पर यूपी रोडवेज की 14 हजार से अधिक बसें चल रही हैं, जिससे हर रात 2 लाख यात्री सफर कर रहे हैं।

By INA News Desk
Nov 14, 2026 - 16:36
28 Views
UP Roadways Chhath Special Buses: यूपी में सुरक्षित हुआ रात का सफर, छठ पर्व पर चल रहीं 14 हजार बसें, महिलाएं भी बेफिक्र कर रहीं यात्रा
Advertisement
Advertisement

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार ने रात्रिकालीन यात्रा की तस्वीर बदल दी है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के कारण अब नौकरीपेशा महिलाएं, छात्राएं और परिवार के साथ सफर करने वाले यात्री बिना किसी डर के रात में लंबी दूरी की यात्रा कर रहे हैं। महापर्व छठ के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। वर्तमान में प्रदेश भर में 14 हजार से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें से पांच हजार बसें रात के समय यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा रही हैं। इन रात्रिकालीन सेवाओं के माध्यम से प्रतिदिन दो लाख से अधिक लोग सुरक्षित यात्रा कर रहे हैं।

पर्व और त्योहारों के मौके पर रोडवेज की नाइट सर्विस में बढ़ती भीड़ आम जनता के भरोसे को दर्शाती है। दिल्ली से पूर्वांचल के प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए करीब 550 विशेष बसें चलाई जा रही हैं। राज्य सरकार का मुख्य जोर एक ऐसा सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल तैयार करने पर है, जहां महिलाएं और पुरुष अपनी आवश्यकता के अनुसार दिन या रात किसी भी समय सुगमता से यात्रा कर सकें। मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन और पुलिस की निरंतर गश्त ने रात के समय सार्वजनिक परिवहन के प्रति महिलाओं का विश्वास और अधिक मजबूत किया है।

अपर मुख्य सचिव परिवहन अमृत अभिजात ने जानकारी दी कि छठ पूजा पर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम को पांच दिनों तक अधिकतम बसें संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ जैसे महानगरों से पूर्वांचल जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। इससे कामकाजी लोगों और महिलाओं को अपनी सुविधानुसार घर पहुंचने के बेहतर विकल्प मिल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व दीपावली के छह दिनों के भीतर भी एक करोड़ से अधिक यात्रियों ने रोडवेज बसों में सफर कर रिकॉर्ड बनाया था।

महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता में यूपी-112 सेवा की तत्परता भी लगातार सामने आ रही है। वर्ष 2019 से अब तक 5,274 महिलाओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 'एस्कॉर्ट फॉर सेफ्टी' की सुविधा दी जा चुकी है। हाल ही में सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र में रात के समय सवारी न मिलने से फंसे एक दंपती को पीआरवी-9391 के जवानों ने अपने वाहन से बारी हमीदपुर स्थित उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाया। इसी प्रकार, गोंडा के कटरा बाजार इलाके में रास्ता भटक गई एक मूक-बधिर महिला के इशारों को समझकर पीआरवी-9132 के पुलिसकर्मियों ने उन्हें सकुशल उनके परिजनों से मिलवाया।

यह भी पढ़ें : Crime News Ballia: STF को बड़ी सफलता, गैंगस्टर में वांछित 50 हजार का इनामी मुन्ना गोड़ सूरत से गिरफ्तार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement