UP Sarvodaya Vidyalaya Sports: सर्वोदय विद्यालयों के खिलाड़ियों को मिलेगा हुनर दिखाने का मौका, दो चरणों में होंगी खेल प्रतियोगिताएं
यूपी समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सर्वोदय विद्यालयों में दो चरणों में जनपद और मंडल स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं होंगी। कबड्डी, वॉलीबाल, दौड़ और भाला फेंक में छात्र दमखम दिखाएंगे।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को तराशने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भव्य खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विभाग ने इन प्रतियोगिताओं को दो चरणों में संपन्न कराने की रूपरेखा तैयार की है। पहले चरण में आगामी बुधवार और गुरुवार को जनपद स्तर पर मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में अगले सप्ताह गुरुवार से शनिवार तक मंडल स्तर पर खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।
इन खेल प्रतियोगिताओं में कबड्डी और वॉलीबाल के साथ-साथ एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं को भी शामिल किया गया है। एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों के लिए आयोजित होंगी। वहीं, भाला फेंक (जेवलिन थ्रो) स्पर्धा में केवल सीनियर वर्ग के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं के नियमों के अनुसार जूनियर वर्ग में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राएं और सीनियर वर्ग में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।
आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं के सफल संचालन का दायित्व जिला समाज कल्याण अधिकारियों को सौंपा गया है, जबकि मंडल स्तर पर संयुक्त एवं उप निदेशक समाज कल्याण नोडल अधिकारी के रूप में निगरानी करेंगे। इसके अलावा संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य आयोजन से जुड़ी समस्त स्थानीय व्यवस्थाएं संभालेंगे। प्रतियोगिता के समापन के बाद विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों का पूरा विवरण व तस्वीरें निदेशालय को प्रेषित की जाएंगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।
यह भी पढ़ें : Hardoi News: वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की तैयारी तेज, धीमी प्रगति पर CDO नेहा ब्याडवाल ने अधिकारियों को लगाई फटकार
What's Your Reaction?

