UP News: देश के दिग्गज बोर्डिंग स्कूलों की तर्ज पर संवरेंगे यूपी के सर्वोदय विद्यालय, समाज कल्याण विभाग और BSAI में MoU
उत्तर प्रदेश के 112 सर्वोदय विद्यालयों की शैक्षणिक व आवासीय व्यवस्था सुधरेगी। समाज कल्याण विभाग और BSAI के बीच ऐतिहासिक MoU पर हस्ताक्षर हुए।
UP News: देश के दिग्गज बोर्डिंग स्कूलों की तर्ज पर संवरेंगे यूपी के सर्वोदय विद्यालय, समाज कल्याण विभाग और BSAI में MoU
उत्तर प्रदेश के 112 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों की शैक्षणिक प्रणाली और छात्रावास प्रबंधन को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। समाज कल्याण विभाग और बोर्डिंग स्कूल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएसएआई) के बीच गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव और निदेशक समाज कल्याण संजीव सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस मौके पर बीएसएआई के निदेशक विनय पांडेय और सीईओ सपना सुकुल भी मौजूद रहे।
इस समझौते का मुख्य उद्देश्य देश के अग्रणी बोर्डिंग स्कूलों के सफल अनुभवों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को सर्वोदय विद्यालयों में लागू करना है। इससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने के साथ-साथ हॉस्टल प्रबंधन, अनुशासन, छात्र देखभाल, नेतृत्व क्षमता और डिजिटल तकनीक पर आधारित पढ़ाई को बढ़ावा मिलेगा। इसके तहत सर्वोदय विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों की टीम देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों का शैक्षणिक दौरा करेगी। वहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाई जाएगी, जिसे प्रदेश के सभी सर्वोदय विद्यालयों में लागू किया जाएगा।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बेहतर शिक्षा की भूमिका सबसे अहम है। सरकार का उद्देश्य सर्वोदय विद्यालयों के छात्रों को देश के शीर्ष आवासीय स्कूलों जैसा शैक्षणिक माहौल और अवसर प्रदान करना है। वहीं, प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने इसे सर्वोदय विद्यालयों के लिए एक नई और ऐतिहासिक शुरुआत बताया। बीएसएआई की सीईओ सपना सुकुल के अनुसार, किसी राज्य सरकार के साथ उनका यह पहला समझौता है, जो निश्चित तौर पर दूरगामी और सकारात्मक बदलाव लाएगा। उल्लेखनीय है कि बीएसएआई द दून स्कूल, मेयो कॉलेज और वेल्हम जैसे देश के शीर्ष आवासीय विद्यालयों का राष्ट्रीय संगठन है।
Also Click : यूपी में दिव्यांगजनों को दुकानों के आवंटन में मिलेगा 5 प्रतिशत आरक्षण, राज्य सलाहकार बोर्ड की बैठक में कई बड़े फैसले
What's Your Reaction?




