UP FSDA Guidelines on Nutraceuticals: यूपी में प्रोटीन पाउडर और हेल्थ सप्लीमेंट पर कसेगा शिकंजा, बीमारी के नाम पर बिक्री पर लगी रोक

यूपी एफएसडीए ने हेल्थ सप्लीमेंट, प्रोटीन पाउडर और न्यूट्रास्यूटिकल्स के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है। अब डायबिटीज या लिवर केयर जैसे नामों पर रोक रहेगी और पैक पर नॉट फॉर मेडिकल यूज लिखना अनिवार्य होगा।

By INA News Desk
Nov 13, 2026 - 22:25
15 Views
UP FSDA Guidelines on Nutraceuticals: यूपी में प्रोटीन पाउडर और हेल्थ सप्लीमेंट पर कसेगा शिकंजा, बीमारी के नाम पर बिक्री पर लगी रोक
प्रतीकात्मक चित्र
Advertisement
Advertisement

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के नाम पर बीमारियों के इलाज और रोकथाम का भ्रामक दावा करने वाली कंपनियों पर प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने प्रोटीन पाउडर, विटामिन-मिनरल सप्लीमेंट, हर्बल उत्पाद, प्रोबायोटिक और विशेष आहार उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके नाम, पैकेजिंग और विज्ञापनों की निगरानी के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी कर सभी संबंधित कारोबारियों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है।

इस नए आदेश के दायरे में न केवल उत्तर प्रदेश की इकाइयां आएंगी, बल्कि दूसरे राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वे निर्माता और आयातक भी शामिल होंगे, जिनके उत्पाद राज्य में बेचे जाते हैं। इसके अलावा ब्रांड मालिक, कॉन्ट्रैक्ट निर्माता, री-पैकर, वितरक, थोक व फुटकर विक्रेता और ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनियां भी इसके अंतर्गत आएंगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये सभी उत्पाद खाद्य पदार्थों की श्रेणी में आते हैं, इसलिए इन्हें किसी दवा या बीमारी के उपचार के विकल्प के रूप में प्रस्तुत नहीं किया जा सकता।

विभागीय समीक्षा में यह बात सामने आई थी कि कई कंपनियां अनुशंसित दैनिक मात्रा (RDA) का उल्लंघन कर रही हैं और बिना किसी वैज्ञानिक प्रमाण के भ्रामक नामों से उत्पाद बाजार में उतार रही हैं। नए नियमों के मुताबिक अब कोई भी खाद्य उत्पाद किसी रोग के निदान, इलाज या रोकथाम का दावा नहीं कर सकेगा। बाजार में 'डायबिटीज केयर', 'आर्थराइटिस केयर', 'किडनी केयर', 'लिवर डिटॉक्स', 'कार्डियो केयर', 'थायरॉयड केयर', 'ब्लड शुगर कंट्रोल' और 'डिजीज मैनेजमेंट' जैसे बीमारी से जुड़े नामों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

आदेश में यह भी अनिवार्य किया गया है कि प्रत्येक उत्पाद की पैकेजिंग पर उसकी निर्धारित श्रेणी का स्पष्ट विवरण दर्ज हो। हेल्थ सप्लीमेंट, न्यूट्रास्यूटिकल और प्रोबायोटिक जैसे उत्पादों के पैक के अगले और पिछले हिस्से पर मोटे अक्षरों में 'नॉट फॉर मेडिकल यूज' या 'नॉट फॉर मेडिसिनल यूज' लिखना जरूरी होगा। साथ ही, पैक पर सक्रिय पोषक तत्वों के नाम और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के मानकों के अनुसार उनका प्रतिशत योगदान बताना होगा। सामान्य सप्लीमेंट में किसी एक पोषक तत्व की मात्रा 100 प्रतिशत आरडीए से अधिक नहीं हो सकती, जबकि 'हाई' या 'रिच' का दावा करने के लिए कम से कम 30 प्रतिशत आरडीए होना अनिवार्य है।

खिलाड़ियों के लिए तैयार किए जाने वाले विशेष आहार उत्पादों में विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (WADA) की प्रतिबंधित सूची में शामिल किसी भी पदार्थ का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। इन उत्पादों में दवाओं, हार्मोन, स्टेरॉयड और नशीले पदार्थों के इस्तेमाल पर भी पूर्ण पाबंदी रहेगी। हर्बल उत्पादों में केवल नियमों के तहत अनुमत वनस्पतियों का ही प्रयोग किया जा सकेगा।

निर्माताओं को कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद तक की गुणवत्ता जांच और बैच रिकॉर्ड सुरक्षित रखने होंगे। वहीं, कंपनी की वेबसाइट, सोशल मीडिया और विज्ञापनों में केवल वही दावे किए जा सकेंगे जो उत्पाद की पैकेजिंग पर लिखे हैं। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को भी नियमों का उल्लंघन करने वाले उत्पादों को हटाने और उनकी बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने चेतावनी दी है कि आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ा कोई भी कारोबारी दूसरी इकाई पर जिम्मेदारी डालकर अपने कानूनी दायित्व से बच नहीं सकेगा।

यह भी पढ़ें : Hardoi News: हरदोई में खाद की कालाबाजारी और अनियमितता पर प्रशासन का शिकंजा, 9 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement