Varanasi : मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश साझा विरासत के साथ बढ़ रहे आगे - डॉ. मोहन यादव
इस खास अवसर पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच 'एक जिला एक उत्पाद' (ओडीओपी) के क्षेत्र में सहयोग के लिए सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। साथ ही विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और महाकालेश्वर मंदिर ट्रस्ट के बीच भी आपसी
वाराणसी में आयोजित मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सहयोग सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम दुनिया के सबसे पवित्र स्थानों में से एक है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कर्मक्षेत्र भी है। उनके नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुशासन का एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच केवल भौगोलिक संबंध ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक रिश्ते भी हैं। दोनों राज्य अपनी साझा विरासत के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं और यह सम्मेलन भविष्य की संभावनाओं को नया आधार देगा।
इस खास अवसर पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच 'एक जिला एक उत्पाद' (ओडीओपी) के क्षेत्र में सहयोग के लिए सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। साथ ही विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और महाकालेश्वर मंदिर ट्रस्ट के बीच भी आपसी सहयोग के लिए एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश अब पूरी तरह नक्सल मुक्त हो चुका है, जिससे राज्य में औद्योगिक गतिविधियों और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को दोनों राज्यों के लिए जीवनदायिनी बताया, जिससे बुंदेलखंड के इलाकों में सिंचाई और पीने के पानी की समस्या दूर होगी।
मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मना रही है, जबकि वर्तमान वर्ष 2026 को कृषि विकास के लिए समर्पित किया गया है। राज्य में उद्योगों के लिए विशाल भूमि बैंक और बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ के बेहतर प्रबंधन के लिए प्रयागराज महाकुंभ और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि ओडीओपी योजना से प्रदेश का निर्यात तेजी से बढ़ा है और यह सेक्टर करोड़ों लोगों को रोजगार दे रहा है। औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता 'नंदी' ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करेगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी 55 जिलों के उत्पादों को विशेष पहचान दिलाई जा रही है और उज्जैन में देश का बड़ा यूनिटी मॉल बनाया जा रहा है, जहाँ एक ही छत के नीचे विभिन्न राज्यों के उत्पाद उपलब्ध होंगे।
Also Click : Sambhal: जिलाध्यक्ष से बदसलूकी, CM को दी गालियां - अज्ञात युवक पर मारपीट और धमकी का आरोप।
What's Your Reaction?









