Deoband: भायला में विद्युत कटौती से नाराज ग्रामीणों का हंगामा, देवबंद-ननौता मार्ग पर 10 घंटे से जाम
विद्युत कटौती से नाराज भायला गांव के ग्रामीणों ने बीती रात देवबंद-ननौता मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना के अनुसार, करीब
देवबंद। विद्युत कटौती से नाराज भायला गांव के ग्रामीणों ने बीती रात देवबंद-ननौता मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना के अनुसार, करीब 10 घंटे से मार्ग पर जाम लगा हुआ है, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीण सड़क पर उतर आए और देवबंद-ननौता मार्ग पर धरना शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही सपा नेता कार्तिकेय राणा भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि वह प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है।
जाम के कारण देवबंद-ननौता मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित बताया जा रहा है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बिजली आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया जाता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
मौके पर स्थिति को संभालने के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से वार्ता किए जाने की सूचना है। फिलहाल मार्ग पर जाम लगा होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित है।
What's Your Reaction?







