Sambhal News: स्कूल जाने की राह बनी ‘तालाब’! सीढ़ी-टेबल पर चलकर पढ़ने पहुंच रहे मासूम, 2-3 साल से जलभराव से परेशान रामनगर के ग्रामीण
जिले के रामनगर गांव में जलभराव ने ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्राथमिक विद्यालय के
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: जिले के रामनगर गांव में जलभराव ने ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्राथमिक विद्यालय के मुख्य रास्ते पर पानी भर जाने के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद घर लौटने के लिए सीढ़ियों और टेबल का सहारा लेना पड़ रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
ग्रामीण मोहम्मद शाहरुख के मुताबिक, उनके घर के सामने ही प्राथमिक विद्यालय है और रास्ते में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े और किताबें भीगने का खतरा रहता है।
वहीं प्राथमिक विद्यालय रामनगर के शिक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से खेत की ओर पानी का निकास बंद होने के कारण स्कूल के सामने जलभराव हो गया। बच्चों को परेशानी में देखकर उन्होंने सीढ़ी और टेबल लगाकर उन्हें सुरक्षित तरीके से स्कूल के अंदर पहुंचाया। छुट्टी के समय भी इसी तरह बच्चों को बाहर निकाला जाएगा। ग्रामीण मोहम्मद अरकान का कहना है कि गांव की आबादी करीब 12-13 सौ वोटों की है और यह रास्ता असमोली से भी जुड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की समस्या पिछले दो-तीन साल से चली आ रही है। उन्होंने अधिकारियों से जल्द रास्ते को ऊंचा कर पक्का निर्माण कराने और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने जलभराव से बीमारियां बढ़ने का भी दावा किया है, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?







