लखनऊ में विश्व कायस्थ गौरव सम्मान का भव्य आयोजन, बारह क्षेत्रों की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मिलेगा वैश्विक मंच पर सम्मान
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में विश्व कायस्थ गौरव सम्मान आयोजित करेगी। बारह प्रमुख क्षेत्रों में नामांकन शुरू।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा दुनिया भर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली कायस्थ प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए विश्व कायस्थ गौरव सम्मान का भव्य आयोजन किया जाएगा। लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में विराट कायस्थ महासमागम एवं अंतर्राष्ट्रीय कायस्थ प्रतिभा सम्मान समारोह के तहत यह कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसका मूल संदेश 'आपकी प्रतिभा – कायस्थ समाज का गौरव' रखा गया है।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भारत सरकार के पूर्व प्रधान आयकर आयुक्त डाक्टर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि इस समागम में असाधारण उपलब्धियों से समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को बारह प्रमुख क्षेत्रों में सम्मानित किया जाएगा। इन श्रेणियों में कला एवं संस्कृति, शिक्षा-साहित्य एवं शोध, सामाजिक सेवा व जनकल्याण, विज्ञान-प्रौद्योगिकी एवं इंजीनियरिंग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, खेल व योग, व्यापार-उद्योग एवं उद्यमिता, लोक सेवा व प्रशासन, धर्म-अध्यात्म व भारतीय संस्कृति, राजनीति व जनप्रतिनिधित्व, पत्रकारिता व जनसंचार तथा पर्यावरण-कृषि एवं विशिष्ट जनसेवा शामिल हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज ने ज्ञान, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। यह आयोजन उन विभूतियों को पहचान और वैश्विक मंच प्रदान करने का माध्यम बनेगा, जिन्होंने अपनी मेहनत से समाज की गरिमा को नई ऊंचाई दी है। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं से नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अपने क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्ति अथवा उनके परिचित संबंधित दस्तावेज, प्रमाण पत्र और कार्य से जुड़े वीडियो निर्धारित समय सीमा के भीतर समिति को भेजकर इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
Also Click : मिस इंडिया कॉन्टिनेंट अंशिका राय का सपना, डॉक्टर बनकर करना चाहती हैं जनसेवा; मॉडलिंग के साथ NEET-UG की तैयारी जारी
What's Your Reaction?







