Hapur: महिला की निर्मम हत्या- लहडरा गांव में अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद, दुष्कर्म और हत्या का शक।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लहडरा में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ईंख के खेत में एक महिला का कई दिन पुराना जला हुआ शव
हापुड़: बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लहडरा में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ईंख के खेत में एक महिला का कई दिन पुराना जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या की गई और पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है, जिससे महिला की शिनाख्त कर पाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र के गांवों में पूछताछ कर संभावित पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों का सुराग मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के इस इलाके में शाम के समय आवाजाही कम रहती है, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया होगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं लोग प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?











