Goa Film Festival: गोवा में 20 नवंबर से सजेगा 57वां IFFI, 86 देशों की 150+ फिल्में दिखाएंगी सिनेमा का वैश्विक रंग
भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) का 57वां संस्करण 20 से 28 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित किया जाएगा। इस
- गोवा में 20 नवंबर से सजेगा 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, 86 देशों की 150 से अधिक फिल्में होंगी प्रदर्शित
- 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' थीम पर आयोजित होगा महोत्सव, स्पेन बनेगा कंट्री ऑफ ऑनर और रूस पार्टनर कंट्री
पणजी। भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) का 57वां संस्करण 20 से 28 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' (सीमाओं से परे कहानियां) रखी गई है। इसमें दुनिया के विभिन्न देशों के फिल्मकार, कलाकार और सिनेमा प्रेमी एक मंच पर जुटेंगे। महोत्सव में 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस बार महोत्सव के लिए 137 देशों से 1,900 से अधिक फिल्मों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने महोत्सव की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार दुनियाभर से आने वाले फिल्मकारों और सिनेमा प्रेमियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। स्क्रीनिंग स्थलों, परिवहन, आवास और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
महोत्सव के निदेशक और फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर ने कहा कि सिनेमा भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ने की ताकत रखता है। इस वर्ष की थीम इसी विचार को सामने रखती है।

- 'फादरलैंड' से होगा महोत्सव का आगाज
57वें आईएफएफआई की शुरुआत पावेल पावलीकोव्स्की निर्देशित फिल्म 'फादरलैंड' से होगी। वहीं अलिना शेरबान की फिल्म 'आई मैटर' मिड-फेस्ट फिल्म होगी। महोत्सव का समापन एंथनी चेन की फिल्म 'वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स' से होगा।

- भारतीय सिनेमा की 76 फिल्में होंगी प्रदर्शित
इंडियन पैनोरमा खंड में 18 अलग-अलग भाषाओं की कुल 76 फिल्मों को शामिल किया गया है। इस खंड की शुरुआत हिंदी फीचर फिल्म 'धुरंधर' और लद्दाखी भाषा की गैर-फीचर फिल्म 'बीकमिंग' से होगी। इसके अलावा सात देशों की सात फिल्में सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फीचर फिल्म प्रतियोगिता में शामिल होंगी।
- स्पेन होगा कंट्री ऑफ ऑनर, रूस पार्टनर कंट्री
इस बार स्पेन को कंट्री ऑफ ऑनर का दर्जा दिया गया है। स्पेन की चार फिल्मों का विशेष प्रदर्शन होगा। वहीं रूस पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होगा और उसकी चार फिल्मों को महोत्सव में प्रदर्शित किया जाएगा।

- ब्रिक्स देशों के सिनेमा पर भी विशेष फोकस
महोत्सव में ब्रिक्स देशों की फिल्मों को विशेष स्थान दिया जाएगा। इस खंड की शुरुआत भारत की 'रामायण' फिल्म से होगी। इसमें ब्रिक्स के सभी 11 सदस्य देशों के साथ साझेदार देशों की फिल्में भी दिखाई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त एनिमेशन और फिल्म्स अबाउट फिल्म्स नाम से दो नए खंड शुरू किए गए हैं। WAVES फिल्म बाजार के माध्यम से फिल्मकारों, निर्माताओं और वितरकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग और व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। इस आयोजन में नेटफ्लिक्स भी रचनात्मक प्रतिभाओं और भारतीय फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने में सहयोग करेगा।
महोत्सव के दौरान फिल्म निर्माण से जुड़ी कार्यशालाएं, मास्टरक्लास, परिचर्चाएं और विशेष प्रदर्शन भी आयोजित होंगे। इस तरह नौ दिनों तक गोवा अंतरराष्ट्रीय सिनेमा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का प्रमुख केंद्र बनेगा।
Also Read- Jailer 2 Box Office - शनिवार को 'जेलर 2' की कमाई में जबरदस्त उछाल, 17वें दिन जुटाए 9.35 करोड़ रुपये
What's Your Reaction?

