Hardoi: टीन के पुल के सहारे कट रहा जिंदगी का सफर, 40 साल से दुर्दशा झेल रहे 35 गांव
Hardoi News INA.
हरदोई जिले के एक गांव में बने टीन के पुल के सहारे लोगों की जिंदगी का सफर कट रहा है। करीब 40 सालों से यहां से जुड़े 35 गांवों के लोग यह दुर्दशा झेल रहे हैं। करीब 4 फ़ीट चौड़े इस टीन के अस्थाई पुल के कारण यहां के लोगों का जीवन अधर में लटका हुआ है। दशक बीत गए, जनप्रतिनिधि बदल गए, सरकारें बदल गईं और ग्राम प्रधान व अधिकारी भी बदल गए लेकिन नहीं बदले तो यहां के हालात, नहीं बदली तो यहां के लोगों की किस्मत। हम बात कर रहे हैं शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव हूंसेपुर करमाया की, जहां करीब 40 वर्ष पहले आवागमन के लिए टीन का पुल लोगों की मदद से बनवाया गया था।
उस समय से लेकर अब तक किसी सक्षम प्रतिनिधि या अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली। नतीजन यहां के लोगों का जीवन और यहां बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। अस्थाई रूप से बने इस पुल से रोजाना करीब 35 गांवों के 5000 लोग गुजरते हैं। इस पुल से गुजरने वाले लोगों के साथ कब हादसा हो जाये, ये कहा नहीं जा सकता। अब तक आये दिन इस पुल से गुजरते समय थोड़ी सी भी असावधानी होने पर लोग चोटिल हुए हैं। इस गांव में यदि कोई बीमार हो जाये तो यहां एम्बुलेंस का आना तो दूर, खुद मरीज को अस्पताल तक ले जाना किसी पहाड़ पर चढ़ने से कम नहीं है।
इस पुल की दुर्दशा के बारे में बयान करते हुए कई बार ग्रामीणों ने अधिकारियों से गुहार लगाई कि इस पुल का स्थाई निर्माण करा दिया जाए लेकिन अभी तक यह कार्य संभव नहीं हो सका। इस पुल को छोड़कर यदि दूसरे रास्ते से गांव के बाहर जाने के बारे में बात करें तो लोगों को लगभग 5 किमी. घूमकर जाना पड़ता है। जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी. की दूरी पर स्थित यह गांव करीब 40 सालों से यह उपेक्षा झेल रहा है लेकिन किसी भी प्रतिनिधि या अधिकारी की नजर इस पर नहीं पड़ती। ग्रामीणों तहसीम खां, मोहम्मद उमर, यूसुफ खां, शरीफ खां आदि का कहना है कि यह पुल जसरथपुर, चंदूपुर, हुमांयुपुर, खैराई, रहीमपुर, नस्योली सहित करीब दो दर्जन गांवों को जोड़ता है।
डीएम के आश्वासन से ग्रामीणों में उम्मीद जगी...
डीएम मंगला प्रसाद सिंह
इस पुल के बारे में डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि जल्दी ही पीडब्लूडी टीम को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा और इसके बाद यहां पर नए पुल के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पुल को बनवाने की योजना पर काम शुरू किया जाएगा।
What's Your Reaction?











