Hardoi: तुम शेर तो हम सवा शेर... सीएम योगी का पुतला फूंकने पर दो सपा नेता पुलिस हिरासत में

सपा नेताओं ने बिना किसी पूर्व सूचना के कलेक्ट्रेट गेट पर सुबह करीब सवा दस बजे भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए सीएम योगी का पुतला फूंका।

By INA News Desk
Sep 15, 2024 - 21:30  · Updated: Sep 15, 2024 - 23:25
488 Views
Hardoi: तुम शेर तो हम सवा शेर... सीएम योगी का पुतला फूंकने पर दो सपा नेता पुलिस हिरासत में
शहर में कलेक्ट्रेट गेट पर सीएम योगी का पुतला फूंकते सपाई

ईंट का जवाब पत्थर से देने वाले सपाईयों को ढूंढ रही पुलिस, सपा जिलाध्यक्ष ने मामले से किया किनारा

Hardoi News INA.
सपा और भाजपा में प्रदेशव्यापी तकरार जगजाहिर है। दोनों पार्टियों के नेता एक दूसरे के लिए तुम शेर तो हम सवा शेर बनने का काम करते दिखते हैं। कुछ ऐसा ही मामला हरदोई जिले में भी देखने को मिला। दरअसल, शनिवार को भाजपाइयों ने शहर में पूर्व सीएम अखिलेश यादव द्वारा संत समाज पर दिए गए एक बयान के विरोध में उनका पुतला फूंका था। इसी बात को लेकर ईंट का जवाब पत्थर से देते हुए रविवार सुबह करीब सवा दस बजे सपाइयों ने कलेक्ट्रेट गेट पर भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए सीएम योगी का पुतला फूंक दिया। हालांकि इस समय पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया लेकिन जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खरगोश की चाल से दौड़ने लगा तो स्थानीय पुलिस ने मामले में दो सपा नेताओं को हिरासत में ले लिया।

बता दें कि बीते शनिवार जब भाजपाइयों ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव का पुतला फूंकने का प्रयास किया तो वहां मौजूद पुलिस ने इसे विफल कर दिया था। इस बीच एक व्यक्ति आग की चपेट में भी आ गया था लेकिन पुलिस ने उसका बचाव कर आग को बुझा दिया था। वहीं रविवार को इसी के विरोध में सपा नेताओं ने बिना किसी पूर्व सूचना के कलेक्ट्रेट गेट पर सुबह करीब सवा दस बजे भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए सीएम योगी का पुतला फूंका। यह घटना जब सोशल मीडिया पर बड़ा रूप लेने लगी तो पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए पूर्व सपा जिलाध्यक्ष रामज्ञान गुप्ता व हरिनाम सिंह यादव को हिरासत में ले लिया।

पुलिस हिरासत में सपा नेता रामज्ञान गुप्ता और हरिनाम सिंह यादव

पुलिस की माने तो इस मामले में अभी अन्य प्रदर्शनकारियों की तलाश की जा रही है। उधर सपा जिला उपाध्यक्ष ने बयान दिया था कि भाजपा नेताओं द्वारा शनिवार को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का पुतला फूंके जाने के विरोध में सपाईयों ने सीएम योगी का पुतला फूंका है। सपाई ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। सपा कार्यकर्ता कमजोर नहीं हैं। दूसरी तरफ सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली मामले से बच निकलते नजर आए। उन्होंने एक बयान में कहा कि इस घटना के बारे में पार्टी को कोई जानकारी नहीं थी। यदि सपा के किसी कार्यकर्ता द्वारा ऐसा कोई भी कार्य किया जाता है तो यह उनका व्यक्तिगत कार्य होगा, इससे पार्टी का कोई संबंध नहीं होगा।

एसपी ने की अपील...

घटना को लेकर एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया है कि इस मामले को लेकर हरदोई पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिले में कोई भी व्यक्ति ऐसा कार्य न करे, जिससे शांतिभंग या लॉ एंड आर्डर की स्थिति उत्पन्न हो अन्यथा ऐसा करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement