Hapur: हापुड़ में ‘लोन के नाम पर लूट’: स्वयं सहायता समूह की आड़ में महिलाओं से लाखों की ठगी। 

थाना देहात क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह की आड़ लेकर गरीब महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने

By INA News Desk
Mar 3, 2026 - 22:47
64 Views
Hapur: हापुड़ में ‘लोन के नाम पर लूट’: स्वयं सहायता समूह की आड़ में महिलाओं से लाखों की ठगी। 
हापुड़ में ‘लोन के नाम पर लूट’: स्वयं सहायता समूह की आड़ में महिलाओं से लाखों की ठगी। 

हापुड़। थाना देहात क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह की आड़ लेकर गरीब महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आसान बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर महिलाओं के नाम पर ऋण स्वीकृत कर पूरी रकम हड़प लेने का आरोप है। पुलिस ने तीन नामजद महिलाओं और चार अज्ञात कथित बैंक एजेंटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिलाओं के अनुसार मोहल्ला शिवचरनपुरा, अयोध्यापुरी, किशनगंज, अहाता सादक अली, मीनाक्षी रोड और नवी करीम क्षेत्र की कई महिलाओं को अहाता सादक अली, चंडी रोड निवासी रेखा पत्नी मुनेश ने भरोसे में लिया। रेखा ने अपनी बहन पूजा से परिचय कराते हुए दावा किया कि उनकी विभिन्न बैंकों में गहरी पकड़ है और स्वयं सहायता समूह के माध्यम से बिना भागदौड़ के लोन स्वीकृत कराया जा सकता है।

आरोप है कि रेखा और पूजा ने महिलाओं से आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक चेक और फोटो एकत्र कर लिए। बाद में महिलाओं को रेखा के घर बुलाया गया, जहां रेखा, पूजा, निशि और चार अन्य कथित बैंक एजेंट मौजूद थे। वहां कई दस्तावेजों पर अंगूठे और हस्ताक्षर कराए गए। कुछ महिलाओं को बैंक ले जाकर भी कागजातों पर साइन कराए गए, ताकि पूरी प्रक्रिया वैध प्रतीत हो।

कुछ समय बाद महिलाओं को बताया गया कि सिबिल स्कोर कम होने के कारण उनका लोन निरस्त हो गया है। पासबुक और एटीएम कार्ड वापस ले लिए गए। लेकिन करीब 15-20 दिन पहले जब एजेंटों ने किस्त जमा करने का दबाव बनाया, तब महिलाओं को ठगी का अंदेशा हुआ। बैंक में जानकारी करने पर खुलासा हुआ कि उनके नाम पर लोन पहले ही स्वीकृत हो चुका है और पूरी रकम निकाली जा चुकी है।

पीड़ितों का आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। एक महिला ने यह भी दावा किया कि उसके सोने के कुंडल तक बेच दिए गए।

थाना प्रभारी कोतवाली देहात नीरज कुमार ने बताया कि धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दस्तावेजों और बैंक लेनदेन की गहन जांच कर रही है। अब सवाल यह है कि ‘लोन के नाम पर लूट’ करने वाले इस गिरोह तक कानून कब पहुंचता है।

Also Read- Moradabad: जीएसटी घोटाला: मुरादाबाद SIT की बड़ी कार्रवाई, आगरा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement