Moradabad: जीएसटी घोटाला: मुरादाबाद SIT की बड़ी कार्रवाई, आगरा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार। 

मुरादाबाद एसआइटी (अपराध शाखा) ने फर्जी बिल बनाकर आइटीसी वसूलने वाले गैंग का मुख्य आरोपित आगरा से गिरफ्तार कर लिया है

Mar 1, 2026 - 23:37
95 Views
Moradabad: जीएसटी घोटाला: मुरादाबाद SIT की बड़ी कार्रवाई, आगरा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार। 
जीएसटी घोटाला: मुरादाबाद SIT की बड़ी कार्रवाई, आगरा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार। 

मुरादाबाद: मुरादाबाद एसआइटी (अपराध शाखा) ने फर्जी बिल बनाकर आइटीसी वसूलने वाले गैंग का मुख्य आरोपित आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। करीब 200 करोड़ रुपये की फर्जी बिल ट्रेडिंग कर जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह के आगरा मधुनगर सदर बाजार नई आबादी ताल फिरोज खान निवासी पुनीत गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दस्तावेज, इलेक्ट्रानिक उपकरण और बैंकिंग सामग्री बरामद की गई है।

इस प्रकरण में राज्यकर विभाग रेंज-बी मुरादाबाद के प्रधान सहायक आदित्य प्रताप सिंह ने अल जजा ट्रेडर्स के विरुद्ध 1.20 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपित ने यह काम वर्ष 2019 में शुरू किया था। दिल्ली में सिद्दीक नाम के व्यक्ति ने खाते खुलवाने के बाद फर्जी जीएसटी फर्मों के माध्यम से बिल ट्रेडिंग का नेटवर्क शुरू किया।

उसकी पत्नी, बेटी और अन्य लोगों के नाम से फर्में बनाकर बिना माल की वास्तविक आपूर्ति किए केवल पोर्टल पर बिल अपलोड किए जाते थे। इन फर्मों के माध्यम से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) लेकर रकम विभिन्न खातों में घुमाई जाती और बाद में नकद निकासी कर कमीशन काटकर संबंधित व्यक्तियों को दे दी जाती थी।

जांच में सामने आया कि आरके इंटरनेशल, मेघना इंटरप्राइजेज, वानया इंटरप्राइजेज के खातों से करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ। आरोपित पुनीत ने बताया कि करीब 200 कराेड़ रुपये के फर्जी बिल घुमाए गए थे। यह सभी लकड़ी कारोबार के लिए बिल बनाए थे।

पुलिस ने आरोपित के पास से 11 मोबाइल फोन (सात की-पैड, चार एंड्रॉयड), 12 एटीएम कार्ड, 29 चेक बुक, आधार व पैन कार्ड, 32 किरायानामा, नौ टैक्स इनवाइस, पांच मुहरें, एक लैपटॉप, एक कंप्यूटर, दो बिल्टी बुक समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

साथ ही खातों में मौजूद छह लाख रुपये सीज किए गए हैं। एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि इस प्रकरण में अल जजा इंटरप्राइजेज के नाम पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसकी तलाश और सर्विलांस टीम ने इस फर्जी ट्रेल को पकड़ा है। बाकी की भी तलाश की जा रही है।

आगरा से पकड़े गए जीएसटी चोरी आरोपित पुनित के अनुसार, उनकी फर्मों से फर्जी बिल बाजपुर, रामपुर समेत कई जगह की फर्मों से मांगे जाते थे। इस नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों के लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

Also Read- कासगंज थाने में इंस्पेक्टर ने भाजपा जिलाध्यक्ष को फोन पर दी गाली, नीरज शर्मा और विधायक हरिओम वर्मा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow