Hardoi: प्रभारी मंत्री ने कल्याणी मसाले इकाई का किया निरीक्षण, अन्य उद्यम स्थापित करने को किया प्रेरित
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन
- प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजनान्तर्गत लाभान्वित मेसर्स एस .एस . इंडस्ट्रीज (कल्याणी मसाले) का किया निरीक्षण
योजना के सफल क्रियान्वयन पर सम्बन्धित अधिकारियों की प्रशंसा के साथ अन्य ईकाईयां स्थापित कराने हेतु किया प्रेरित।
Hardoi: राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजनान्तर्गत लाभान्वित मेसर्स एस0एस0 इंडस्ट्रीज (कल्याणी मसाले) ग्राम तकिया नेवादा पोस्ट कुरसठ बुजुर्ग तहसील व जनपद हरदोई का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने फैक्ट्री की स्थापना, कार्यविधि, आदि की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। इस उद्यम की स्थापना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत प्राप्त सहायता से 20 अक्टूबर 2023 को की गयी
मेसर्स एस0 एस0 इंडस्ट्रीज कल्याणी मसाले के संस्थापक एवं प्रोप्राइटर धीरेन्द्र शुक्ला ने प्रभारी मंत्री को बताया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) उनकी सफलता की रीढ़ बनी। वित्तीय सहायता, 35 प्रतिशत सब्सिडी एवं तकनीकी मार्गदर्शन के कारण एक छोटा सा विचार आज 2 करोड़ की कंपनी बन गया। उन्होंने उद्यान विभाग एवं जिला प्रशासन का समय पर सहयोग करने हेतु भी हृदय से आभार ज्ञापित करते हुए युवाओं को प्रेरित किया कि पीएमएफएमई योजना का लाभ प्राप्त करते हुए अपना उद्यम स्थापित करे।
उन्होंने प्रधानमंत्री के एक भाषण का उल्लेख किया जिसमे प्रधानमंत्री द्वारा प्रेरित किया गया था कि नौकरी मांगने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बने। इससे प्रेरणा लेते हुए उन्होने उद्यान विभाग द्वारा संचालित पीएमएफएमई योजना की जानकारी हासिल की। निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए धनराशि 35 लाख का ऋण स्वीकृत हुआ एवं विभागीय नियमों के अंतर्गत 10 लाख का अनुदान भी प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि 35 लाख का वित्त प्राप्त कर उद्यम स्थापित किया। उद्यान विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय से निर्धारित समयावधि में सब्सिडी की राशि भी प्राप्त हो गयी जिससे व्यापार के विस्तार में सहयोग मिल सका।
धीरेन्द्र शुक्ला ने बताया कि संस्था द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में रु0 2 करोड़ की बिक्री की गयी है तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 1.8 से 2 करोड़ की बिक्री की गयी है। इसके साथ ही 15 हजार से अधिक लोगों की प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में उनके द्वारा कल्याणी एग्रोफूड प्रा0लि0 के तहत रु 2 से 2.5 करोड़ का निवेश करके फोर्टिफाइड मल्टीग्रेन आटा इकाई स्थापित करने तथा अगले वित्तीय वर्ष में कंपनी का टर्न ओवर 3 से 5 करोड़ तक ले जाने के साथ ही पूरे प्रदेश एवं भारत विस्तार किये जाने का विजन है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि जनपद में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं और युवाओं को प्रेरित किये जाने के साथ ही बेहतर अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर लाभार्थीपरक योजनाओं से सम्बंधित प्रकरणों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जा रहा है, जिससे जनपद में नए उद्योगों की स्थापना तथा संचालित उद्योगों का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेसर्स एस0 एस0 इंडस्ट्रीज (कल्याणी मसाले) युवाओं के लिए प्रेरणा का श्रोत है तथा इस प्रकार के अन्य उद्योगों की स्थापना हेतु निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री सफल उद्योग की स्थापना एवं उसके कुशल संचालन हेतु बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए आश्वत किया कि केंद्र एवं प्रदेश की सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उद्योगों की स्थापना हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना से रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होते हैं, देश आत्मनिर्भर बनता है और क्षेत्र का भी विकास होता है, इसलिए युवाओं को पूरी मेहनत, लगन और योजनाओं का लाभ लेते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सफल उद्योग की स्थापना हेतु जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग की सराहना भी की तथा मे एस एस इंडस्ट्रीज (कल्याणी मसाले) के संस्थापक एवं प्रोप्राइटर धीरेन्द्र शुक्ला को शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल सहित सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
What's Your Reaction?



