Gonda: रूस जॉब ठगी का मास्टरमाइंड पकड़ा: शमशाद उर्फ विवेक को कोलकाता से दबोचा, 200+ युवाओं से डेढ़ करोड़ की ठगी।
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को आखिरकार पुलिस ने कोलकाता से
गोण्डा। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को आखिरकार पुलिस ने कोलकाता से दबोच लिया। खुद को विवेक कुमार बताने वाला आरोपी असल में शमशाद निकला, जिसने पहचान छिपाकर बहराइच रोड पर बाकायदा कार्यालय खोल रखा था। एसपी विनीत कुमार जायसवाल के अनुसार उसने करीब 200 से अधिक लोगों को रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठी।
नगर कोतवाली क्षेत्र में खुले इस फर्जी कार्यालय में आकर्षक पोस्टर, विदेश भेजने के दावे और जल्दी वीजा की गारंटी देकर युवाओं को फंसाया जाता था। बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं और उनके परिजनों से पासपोर्ट, वीजा और टिकट के नाम पर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक वसूले गए। कुछ लोगों को फर्जी दस्तावेज भी थमाए गए। जब महीनों बीतने के बाद भी न तो वीजा आया और न ही नौकरी का कोई अता-पता चला, तब लोगों को ठगी का एहसास हुआ।
धोखाधड़ी की भनक लगते ही पीड़ितों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग नगर कोतवाली के सामने इकट्ठा हुए और प्रदर्शन कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। मामला बढ़ता देख पुलिस ने जांच तेज की। जांच में खुलासा हुआ कि विवेक कुमार नाम से काम करने वाला शख्स असल में शमशाद है, जिसने पहचान बदलकर लोगों का विश्वास जीता।
पुलिस की एक टीम कोलकाता भेजी गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्रों के मुताबिक आरोपी पिछले कुछ समय से वहीं छिपकर रह रहा था। नगर कोतवाली पुलिस अब उसे गोण्डा लाकर पूछताछ की तैयारी में जुटी है। माना जा रहा है कि पूछताछ में ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है। अब तक 200 से अधिक लोगों के साथ ठगी की बात सामने आई है। पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे जिले में हड़कंप मचा हुआ है।
What's Your Reaction?











