गाजीपुर न्यूज़ : राजभर के विधायक बोले-कई राज्यों में भर्तियां कराता हूं, 40-40 लोगों को नौकरी दिलवाई, जॉइनिंग न होने पर पैसे मांगने पहुंचे युवक ने बनाया वीडियो

By INA News Desk
Jun 28, 2024 - 11:40
167 Views
गाजीपुर न्यूज़ : राजभर के विधायक बोले-कई राज्यों में भर्तियां कराता हूं, 40-40 लोगों को नौकरी दिलवाई, जॉइनिंग न होने पर पैसे मांगने पहुंचे युवक ने बनाया वीडियो

गाजीपुर न्यूज़: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक बेदी राम का नाम पेपर लीक मामले से जोड़ा जा रहा है। उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक युवक से पेपर और लेन-देन की बात कर रहे हैं। पेपर लीक के लिए पैसा देने वाले युवक विधायक के पास पहुंचे हैं। वे अपना पैसा मांग रहे हैं। इसी बात को लेकर विधायक और अभ्यर्थियों के बीच बहस भी सुनाई दे रही है। वीडियो में बेदी राम कहते हैं- मैं बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश कई राज्यों में भर्ती कराता हूं। एक-एक परीक्षा में 40-40 लोगों की भर्ती कराता हूं। वह साथ बैठे व्यक्ति से यह भी कह रहे हैं कि मेरा नाम मत लेना।

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक बेदी राम वीडियो जिस युवक ने बनाया है, वह जौनपुर का रहने वाला है। करीब 3 महीने पहले वह बेदी राम से मिलने उनके गाजीपुर वाले घर पहुंचा। वहां उसने बेदी राम से हुई बातचीत का वीडियो बना लिया। इसके बाद वह लगातार विधायक से अपने पैसे मांग रहा था।

मगर, विधायक कोई जवाब नहीं दे रहे थे। विधायक युवक से मिलने से भी कतरा रहे थे। एक-दो दिन पहले भी युवक ने विधायक से मिलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ। इसी के बाद उसने वीडियो वायरल कर दिया।

पेपर लीक माफिया बिजेंद्र गुप्ता ने भी बेदी राम का नाम लिया था। बिजेंद्र पहले बेदी राम के साथ जेल भी जा चुका है। यह सब सामने आने के बाद विधायक बेदी राम के लखनऊ स्थित आवास पर काफी लोग पहुंचे। हालांकि अभी तक उनका कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है। बेदी राम गाजीपुर की जखनियां सीट से विधायक हैं।

 वे आजमगढ़ के रहने वाले हैं। लेकिन, सुभासपा ने उन्हें जखनियां विधानसभा सीट से टिकट दिया और जीतकर विधायक बन गए। बेदी राम को सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का करीबी माना जाता है। यह पहला मौका नहीं है, जब बेदी राम का नाम भर्ती परीक्षा के पेपर लीक से जुड़ा है। इससे पहले भी वह रेलवे भर्ती पेपर लीक मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। साल 2014 में यूपी एसटीएफ ने उन्हें लखनऊ के आशियाना एरिया से गिरफ्तार किया था।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow