हरदोई न्यूज़: संडीला पालिका कर चुकी खंभे हटाने एडवांस भुगतान, अब बत्ती महकमा हो मेहरबान।

Jul 4, 2024 - 19:08
41 Views
हरदोई न्यूज़: संडीला पालिका कर चुकी खंभे हटाने एडवांस भुगतान, अब बत्ती महकमा हो मेहरबान।

संडीला\हरदोई। नगर पालिका के मोहल्ला माकूम कुआं में बीच सड़क दो खंभे लगे होने से आने जाने में परेशानी झेल रहे लगभग 10 हजार लोगों को जल्द ही राहत मिल जाएगी। हालांकि, एडवांस भुगतान के बाद भी बिजली विभाग के अफसरों में जिम्मेदारी का करंट नहीं दौड़ा है।

नगर पालिका प्रशासन ने बिजली के खंभे हटवाने और लाइन बदलवाने के लिए लगभग 02 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान बिजली विभाग को कर दिया है। मोहल्ला मलकाना में एक सड़क माकूम कुआं से दादरमियां की मजार होते हुए सेंट थेरेसा बाईपास पर मिलती है। इसी सड़क पर एक जगह बिजली के दो खंभे लगे हैं। बीच सड़क पर यह खंभे लोगों के लिए मुश्किल बने हुए हैं। बिजली खंभों के कारण एंबुलेंस और ट्रैक्टर जैसे वाहन भी नहीं गुजर पाते। इन वाहनों को बाईपास जाने के लिए शीतला मंदिर वाली सड़क या फिर काजी सराय से गुजरना पड़ता है। इससे फेरा भी बढ़ता है और ईंधन भी ज्यादा खर्च होता है।

कोई 10 हजार लोगों से जुड़ी इस समस्या को देखते हुए खंभे हटाने का खर्च नगर पालिका संडीला को उठाना था। इसकी रकम विभाग को मिलने के बाद ही राहत मुमकिन थी। नगर पालिका ने 2,79,986 रुपये बिजली विभाग के खाते में जमा करा दिए हैं। साथ ही खंभे हटवाने और लाइन बदलवाने का काम जल्द कराने के लिए भी कहा है।

दिवाकर यादव (उपखंड अधिकारी) के अनुसार बिजली के खंभे हटाने के लिए नगर पालिका ने बिजली विभाग को लगभग दो लाख 80 हजार रुपये का भुगतान कर दिया है। जल्दी बिजली के खंभे हटवा दिए जाएंगे। 

वहीं, पालिका ईओ विजेता गुप्ता का कहना है, बिजली विभाग को काम के लिए बजट खाते में जमा हो चुका है। अब बिजली विभाग को काम करा देना चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow