हरदोई न्यूज़: जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने देखा सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हाल। 

By INA News Desk
Jul 13, 2024 - 17:30
146 Views
हरदोई न्यूज़: जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने देखा सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हाल। 
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने देखा सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हाल। 

हरदोई। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक केशव चन्द्र गोस्वामी ने सदर तहसील के बावन विकास खण्ड के बाढ़ प्रभावित ग्रामों का दौरा किया। उन्होंने एजा फॉर्म के पास बाढ़ की स्थिति देखी तथा ग्रामीणों से संवाद किया।

जिलाधिकारी ने उन्हें बताया कि पानी का बहाव ऊपरी धारा से सामान्य हो गया है। अब पानी कम होना शुरू हो जायेगा। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियो को निर्देशित किया कि जब तक बाढ़ की स्थिति रहती है तब तक प्रभावित लोगों की सहायता के लिए लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में रहें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि बीमार लोगों की सहायता के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रभावित क्षेत्र में अनवरत तैनात रखा जाये। आवश्यकता पड़ने पर बीमारों व गर्भवती महिलाओं को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जाये। दवाओं व एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाये।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि पशुओं के लिए भूसे चारे आदि की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाये। आवश्यकतानुसार पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रहने का प्रबंध किया जाये। खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर रहने का प्रबंध कराया जाये। जो घर बाढ़ से गिर गए हों उनकी सूची तैयार की जाये। उन्होंने प्रधान, सचिव व लेखपाल को बाढ़ प्रभावितों की मदद हेतु लगातार प्रभावित क्षेत्र में रहने को कहा।

इसे भी पढ़ें:-  हरदोई न्यूज़: मंत्री नितिन अग्रवाल द्वारा बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौरा, राशन,बिजली बंधा आदि की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश।

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक एजा फॉर्म के उपरांत पुरौरी ग्राम पहुंचे। यहाँ भी उन्होंने ग्रामीणों से बात की तथा प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने पुलिया के नीचे जल प्रवाह की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि जल प्रवाह को निर्बाध रखा जाये। प्रवाह मार्ग में आने वाले अवरोधों को हटाया जाये। इस बाद उन्होंने नदी पर बने पुल से चारों ओर की बाढ़ की स्थिति का अवलोकन किया।

उन्होंने अधिशाषी अभियंता सिंचाई को निर्देशित किया कि नदी के किनारे बाँध बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाये ताकि बावन विकास खण्ड के ग्रामों को प्रभावित होने से बचाया जा सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर सुशील कुमार मिश्रा व अन्य सम्बंधित अधिकारी तथा सम्बंधित ग्रामों के प्रधान कोटेदार व आम नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement