अभिभावकों के विरोध के आगे झुका प्रशासन, कल से फिर खुलेगा 36 साल पुराना सनातन पब्लिक स्कूल
सनातन पब्लिक स्कूल को सील किए जाने के विरोध में गुरुवार को अभिभावकों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। सैकड़ों अभिभावकों
उवैस दानिश, सम्भल
सनातन पब्लिक स्कूल को सील किए जाने के विरोध में गुरुवार को अभिभावकों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। सैकड़ों अभिभावकों ने चौधरी चरण सिंह प्रतिमा से शंकर चौराहे जाने वाले मार्ग पर आंशिक जाम लगाकर स्कूल खोलने की मांग की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
इसके बाद एबीएसए स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधक यतेंद्र वर्मा, मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य परीक्षित मोंगिया, प्रिंसिपल अर्पित अग्रवाल तथा अभिभावकों के साथ वार्ता की। अधिकारियों ने स्कूल खोलने का आश्वासन दिया, लेकिन अभिभावकों ने केवल मौखिक नहीं बल्कि लिखित आदेश की मांग रख दी। उसके बाद बीएसए अलका शर्मा ने स्कूल प्रबंधन को अगले दिन से स्कूल संचालित करने का आदेश जारी कर दिया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की गई। लिखित आदेश मिलने के बाद अभिभावक संतुष्ट होकर लौट गए और आंदोलन समाप्त हो गया। हालांकि प्रशासन ने स्कूल की कई गंभीर खामियों की भी ओर इशारा किया है। करीब 600 छात्र-छात्राओं वाले इस स्कूल तक पहुंचने का रास्ता महज 3 से 4 फीट चौड़ा है और बेसमेंट में भी कक्षाएं संचालित की जाती हैं। इसके अलावा स्कूल के अधिकार क्षेत्र को लेकर वर्तमान प्रबंधक यतेंद्र वर्मा और पूर्व प्रबंधक राजीव चावला के बीच विवाद भी सामने आया है। स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि सभी कमियों को जल्द दूर कर विद्यालय का संचालन नियमों के अनुरूप किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन के आदेश के बाद शुक्रवार से स्कूल दोबारा खुलने का रास्ता साफ हो गया है।
What's Your Reaction?




