अतरौली में अंडा फैक्ट्री के खिलाफ जनआंदोलन तेज: चौथे संगठन के समर्थन से बढ़ा प्रशासनिक दबाव, नहीं माने प्रदर्शनकारी
हरदोई के अतरौली में अंडा फैक्ट्री हटाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज। जनसत्ता दल के समर्थन के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ा, एसडीएम की वार्ता रही बेनतीजा।
रिपोर्ट : मुकेश सिंह सोमवंशी
हरदोई के अतरौली क्षेत्र में नेवादा-भटपुर मार्ग स्थित हयातगंज गांव के पास संचालित अंडा फैक्ट्री को हटाने की मांग को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन और तीव्र हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों, किसान यूनियन और राष्ट्रीय विकास मंच के तत्वावधान में जारी अनिश्चितकालीन धरने को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के युवा जिलाध्यक्ष का भी समर्थन मिल गया है। चौथे संगठन के जुड़ने से आंदोलन को नई ताकत मिली है, जिससे प्रशासनिक अमले पर दबाव बढ़ गया है।
राष्ट्रीय विकास मंच और किसान संगठन के नेतृत्व में चल रहा यह धरना तीसरे दिन में प्रवेश कर चुका है। बड़ी संख्या में ग्रामीण धरनास्थल पर डटे हुए हैं और फैक्ट्री को हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी नारायणी भाटिया संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने फैक्ट्री परिसर और प्रभावित आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद प्रदर्शनकारियों से संवाद किया।
उपजिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों से व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फैक्ट्री परिसर और प्रभावित गांवों में नियमित रूप से सैनिटाइजेशन, चूना और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाएगा। स्वयंसहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से इसकी निगरानी होगी तथा नालियों की विशेष सफाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पूरे अभियान की निगरानी खंड विकास अधिकारी भरावन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम करेगी।
हालांकि, आंदोलन का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास रावत ने प्रशासनिक प्रस्ताव को मानने से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि सफाई और छिड़काव जैसे कदम केवल तात्कालिक उपाय हैं, जबकि क्षेत्रवासी लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक फैक्ट्री को वहां से हटाने की ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर विजय रावत, विज्ञान वर्मा, धर्मराज वर्मा, डॉक्टर अनु श्रीवास्तव, ओमप्रकाश रावत, संतोष कुमार, रोशन कुमार, संतोष दीक्षित, महेश गौतम, आशीष दीक्षित और दिनेश रावत समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Also Click : Lucknow: यूपी में अवैध खनन पर योगी सरकार का डिजिटल प्रहार, 24x7 निगरानी से माफियाओं पर कसा शिकंजा
What's Your Reaction?




