अयोध्या और बस्ती में आंधी-तूफान पीड़ितों से मिले कृषि मंत्री, 24 घंटे में सौंपे चेक
अयोध्या और बस्ती में तेज आंधी-तूफान के पीड़ितों से मिले कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही। प्रभावित परिवारों को 24 घंटे में चार-चार लाख रुपये के चेक सौंपे।
लखनऊ। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई विनाशकारी आंधी और भारी वर्षा के बाद राज्य सरकार ने प्रभावितों तक तत्काल सहायता पहुंचाने का कार्य तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जनपदों के प्रभारी एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर शोकाकुल परिवारों से भेंट की और उन्हें सांत्वना दी। प्रशासनिक तत्परता दिखाते हुए सरकार की ओर से चौबीस घंटे के भीतर पीड़ित आश्रितों को दैवीय आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये के आर्थिक सहायता चेक प्रदान किए गए।
अयोध्या जनपद में तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के चलते पेड़ गिरने और अन्य हादसों में चार लोगों का निधन हो गया। इनमें सोहावल तहसील के ग्राम शिवदासपुर निवासी 18 वर्षीय आकाश वर्मा, मिल्कीपुर तहसील के 12 वर्षीय आर्यन तथा रूदौली तहसील के 76 वर्षीय रामस्वरूप व 40 वर्षीय धर्मराज शामिल हैं। कृषि मंत्री ने अयोध्या सर्किट हाउस में मृतक आकाश वर्मा, रामस्वरूप और धर्मराज के परिजनों को सीधे चार-चार लाख रुपये के चेक सौंपे।
इसी क्रम में बस्ती जनपद के तहसील बस्ती सदर अंतर्गत ग्राम चौबाह निवासी मृतक मोतीराम (आंधी में छप्पर गिरने से मृत) की पत्नी कैलाशा देवी तथा बलुआ परगना निवासी सर्पदंश के शिकार प्रशांत की माता मीरा देवी को बस्ती सर्किट हाउस में चार-चार लाख रुपये की राहत राशि सौंपी गई।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बातचीत में कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और कल्याण के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य कर रही है। प्राकृतिक विपदा के समय शासन हर नागरिक के साथ मजबूती से खड़ा है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि दैवीय आपदा से प्रभावित किसी भी व्यक्ति को राहत, स्वास्थ्य सुविधाएं और वित्तीय संबल देने में जरा भी देरी न की जाए। इस अवसर पर अयोध्या में भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, विधायक राम चंद्र यादव, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी और मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Click : सीतापुर में सरायन नदी का बढ़ा जलस्तर: डीएम पहुंचे केशव ग्रीन सिटी, राहत कार्य तेज
What's Your Reaction?