Sambhal: पैसे पूरे, नेटवर्क जीरो! टेलीकॉम कंपनियों पर भड़की आजाद अधिकार सेना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर आजाद अधिकार सेना ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश महासचिव
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर आजाद अधिकार सेना ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के प्रदेश महासचिव खिजर गौस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टेलीकॉम कंपनियों की खराब सेवाओं के विरोध में एसडीएम सम्भल के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
पार्टी नेताओं का आरोप है कि उपभोक्ताओं से मोबाइल रिचार्ज और पोस्टपेड बिल के नाम पर पूरी रकम वसूली जा रही है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क और इंटरनेट सेवा नहीं मिल रही है। कई इलाकों में कॉल ड्रॉप, कमजोर सिग्नल, इंटरनेट की धीमी रफ्तार और बार-बार नेटवर्क गायब होने जैसी समस्याओं से उपभोक्ता परेशान हैं। ज्ञापन में जियो, एयरटेल, वीआई और बीएसएनएल समेत सभी टेलीकॉम कंपनियों की सेवाओं की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही बीएसएनएल नेटवर्क को मजबूत करने, खराब टावरों की जांच, जरूरत के अनुसार नए टावर लगाने और 4G/5G सेवाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने की मांग उठाई गई। आजाद अधिकार सेना ने मांग की है कि सम्भल समेत उत्तर प्रदेश के नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों में वास्तविक सर्वे कराया जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्रभावी समाधान किया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि 25 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जनहित में वैधानिक तरीके से अगला कदम उठाया जाएगा। पार्टी के प्रदेश महासचिव खिजर गौस ने कहा कि उपभोक्ता रिचार्ज का पैसा समय पर देता है, इसलिए उसे बेहतर और गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क सेवा मिलना उसका अधिकार है।
What's Your Reaction?







