Bajpur : नैनीताल उच्च न्यायालय को धमकी भरा ईमेल मिलने पर सुरक्षा कड़ी, आईजी कुमाऊं ने ली कमान

न्यायालय परिसर में सघन जांच, एंटी-सैबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर

By INA News Desk
Feb 19, 2026 - 20:17
35 Views
Bajpur : नैनीताल उच्च न्यायालय को धमकी भरा ईमेल मिलने पर सुरक्षा कड़ी, आईजी कुमाऊं ने ली कमान
Bajpur : नैनीताल उच्च न्यायालय को धमकी भरा ईमेल मिलने पर सुरक्षा कड़ी, आईजी कुमाऊं ने ली कमान

ब्यूरो चीफ : आमिर हुसैन

उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल को धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देश पर न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक अपराध जगदीश चंद्रा और मुख्य सुरक्षा अधिकारी राकेश बिष्ट मौजूद रहे। आईजी कुमाऊं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को निर्देश दिए कि उच्च न्यायालय की सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत ऑडिट कर तीन दिनों में रिपोर्ट सौंपी जाए। मुख्य सुरक्षा अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक राकेश बिष्ट को भी जरूरी दिशानिर्देश दिए गए।

न्यायालय परिसर में सघन जांच, एंटी-सैबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हर आने-जाने वाले की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा एक कंपनी पीएसी और एटीएस टीम भी लगाई गई है। बार एसोसिएशन नैनीताल द्वारा अधिकृत पत्र के आधार पर ही बाहरी व्यक्तियों को प्रवेश दिया जाएगा।

आईजी कुमाऊं ने विशेष निर्देश दिए कि बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाए, सीसीटीवी की 24 घंटे निगरानी हो, साइबर सेल ईमेल के स्रोत की तकनीकी जांच करे, हर बाहरी व्यक्ति का अलग रजिस्टर रखा जाए जिसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र का विवरण, आने का उद्देश्य और समय दर्ज हो। किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सख्त कार्रवाई हो। मामले की जांच में राज्य एसटीएफ और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाया जा रहा है। कुमाऊं पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि कानून व्यवस्था और न्यायालय की सुरक्षा के लिए पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता से काम किया जा रहा है।

Also Click : Bajpur : बाजपुर में लकड़ी तस्कर को अवैध 12 बोर बंदूक के साथ गिरफ्तार किया

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow