Bajpur : बिना अनुमति लग रहे हाट बाजार के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, हटाने की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे प्रधान प्रतिनिधि लीलाधर सैनी ने बताया कि कुछ बाहरी और असामाजिक तत्व बिना किसी सरकारी मंजूरी के एनएच 74 की पुरानी सड़क पर अवैध रूप से हाट बाजार लगा रहे हैं, जिससे सरकार को मिलने वाले टैक्स और राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।
ब्यूरो चीफ : आमिर हुसैन
बाजपुर के एनएच 74 पुरानी रोड पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के लगाए जा रहे हाट बाजार को हटवाने के लिए महेशपुरा गांव के लोग लामबंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लीलाधर सैनी के नेतृत्व में तहसील परिसर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम की गैरमौजूदगी में उनके पेशकार रविंद्र आर्य को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे प्रधान प्रतिनिधि लीलाधर सैनी ने बताया कि कुछ बाहरी और असामाजिक तत्व बिना किसी सरकारी मंजूरी के एनएच 74 की पुरानी सड़क पर अवैध रूप से हाट बाजार लगा रहे हैं, जिससे सरकार को मिलने वाले टैक्स और राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। इसके अलावा, इस बाजार की वजह से स्थानीय किसानों का अपने खेतों में आने-जाने का रास्ता पूरी तरह ब्लॉक हो जाता है। जब किसान इसका विरोध करते हैं, तो बाजार लगाने वाले लोग उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर इस अवैध बाजार को तुरंत नहीं हटाया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान बीडीसी सदस्य सुरेश सैनी, राधे सैनी, गुरमीत सिंह, जरनैल सिंह, जितेंद्र पासी, रमेश, विनोद, ख्यालीराम, विकास, सोनू, रामचंद्र, हरकेश, राजकुमार और रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?




