Hardoi: शिक्षामित्रों को बड़ी सौगात: मानदेय 10 हजार से बढ़कर 18 हजार, सम्मान समारोह में बांटे गए चेक।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कार्यरत सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय
हरदोई: महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन नगरी में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश में संचालित प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत समस्त 1.43 लाख शिक्षामित्रों की मानदेय वृद्धि (₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 प्रतिमाह) के उपलक्ष्य में शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में योगिराज बाबा गम्भीर नाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केन्द्र, गोरखपुर मे किया गया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद स्तरीय कार्यक्रम में रसखान प्रेक्षागृह हरदोई में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती जी ,माननीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू जी एवं नगर पालिका परिषद हरदोई के अध्यक्ष श्री सुखसागर मिश्र मधुर तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी अनुनय झा,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रियंका सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संस्कृति त्रिवेदी तथा वरिष्ठ पत्रकार अभय शंकर गौड़ रहे ।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत उच्च प्राथमिक विद्यालय ककरालीखेड़ा के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना तथा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ0अजित सिंह द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों का पुष्प गुच्छ व पौधे भेंटकर स्वागत किया गया।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के अवलोकन के पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती प्रेमावती, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष , माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, विधायक, सुखसागर मिश्र मधुर , अध्यक्ष ,नगर पालिका परिषद हरदोई, प्रियंका सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, सुश्री संस्कृति त्रिवेदी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तथा अभय शंकर गौड़, वरिष्ठ पत्रकार द्वारा चयनित शिक्षा मित्रों को बढ़ी हुई मानदेय राशि के प्रतीकात्मक चेकों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रभास कुंवर श्रीवास्तव ने स्कूल चलो अभियान के संचालन की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सभी शिक्षकों से जनसामान्य तथा अभिभावकों का सहयोग लेकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ0 अजित सिंह ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया तथा मानदेय वृद्धि के लिए सभी शिक्षामित्रों को बधाई दी। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा जनपद में ऑपरेशन कायाकल्प तथा निपुण भारत अभियान के अंतर्गत किए गए प्रयासों का उल्लेख किया।
मुख्य अतिथि प्रेमावती ने अपने उद्बोधन में जनपद के बेहतर शैक्षिक वातावरण के लिए विभाग के समस्त अधिकारी, कर्मचारी तथा शिक्षकों की प्रशंसा की। उन्होंने शिक्षामित्रों द्वारा परिषदीय विद्यालयों के संचालन में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा उनके संघर्षों का स्मरण कराया।
मा0 विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने अपने उद्बोधन में शिक्षामित्रों द्वारा परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सुचारू शिक्षा हेतु किए जा रहे प्रयासों के लिए उनको साधुवाद दिया। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में नित नवीन ऊंचाइयों को छूते जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की भूरि भूरि प्रशंसा की एवं समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रभास कुंवर श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में सभी सम्मानित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनपद के सुदूर विद्यालयों में बेसिक शिक्षा की अलख जगाने वाले सभी शिक्षामित्रों के योगदान को याद किया तथा सभी शिक्षकों/ शिक्षा मित्रों को शत प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रभास कुंवर श्रीवास्तव, अनिल कुमार झा, राम कुमार द्विवेदी, डॉ सुनील कुमार सिंह, श्री उदय भान, राजेश कुमार, डी एल राणा, जिला समन्वयक ब्रज भूषण मिश्र, राहुल दुबे, शैलेन्द्र कुमार, मनोज मिश्रा,अनुपम मिश्र, संतोष कुमार रावत, एस आर जी आशीष मिश्र , शशांक मिश्र , विभिन्न विकास खण्ड के शिक्षक/शिक्षा मित्र तथा कार्यालय स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष मिश्र व श्वेता सिंह ने किया।
कार्यक्रम के आयोजन में एम आई एस इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार, डी सी राहुल दुबे, नीलेश सिंह, आशीष कुमार मिश्र, शशांक मिश्रा, मंजू वर्मा,बीना वर्मा, पंकज अवस्थी,सुनील सिंह, शिव कुमार सिंह, अशोक सिंह,नीलम सिंह आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के आयोजन में एजुकेट गर्ल्स संस्था के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं तत्पश्चात जलपान से हुआ।
What's Your Reaction?


