Sitapur: बस अड्डा चौराहे पर डग्गामार और बेतरतीब बसों का कब्जा, रेंग रहा शहर।

सिटी मजिस्ट्रेट समेत संयुक्त टीम सड़क पर उतरी, अव्यवस्थाओं पर सख्त कार्यवाही के संकेत

May 30, 2026 - 20:21
47 Views
Sitapur: बस अड्डा चौराहे पर डग्गामार और बेतरतीब बसों का कब्जा, रेंग रहा शहर।
बस अड्डा चौराहे पर डग्गामार और बेतरतीब बसों का कब्जा, रेंग रहा शहर।

रिपोर्ट- संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर।।

सीतापुर/ शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले बस स्टेशन चौराहे पर हर समय लगने वाले भीषण जाम से जनता को राहत दिलाने के लिए प्रशासनिक अमला सड़क पर उतर आया। सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडे के नेतृत्व में सीओ सिटी, एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी, एआरएम तथा नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बस अड्डा चौराहे का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को भारी अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहों में शामिल बस स्टेशन चौराहे पर रोडवेज एवं डग्गामार बसों द्वारा यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। लखनऊ रूट की कई बसों को बस अड्डे के अंदर ले जाने के बजाय सीधे चौराहे पर ही खड़ा कर सवारियां भरी जा रही थीं। अधिक सवारी भरने के लालच में चालक बसों को लंबे समय तक सड़क पर खड़ा रखते हैं, जिससे पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई बसें डिपो से निकलने के बाद बस अड्डे के मुख्य गेट के बाहर आधी सड़क घेरकर खड़ी कर दी जाती हैं और वहीं से यात्रियों को बैठाया जाता है। इस अव्यवस्थित संचालन के कारण मुख्य मार्ग संकरा हो गया है तथा राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संयुक्त टीम ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सख्त नाराजगी जताई। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी बस डिपो के बाहर सड़क या चौराहे पर खड़ी होकर सवारी भरते हुए पाई गई तो संबंधित वाहन के खिलाफ भारी चालान के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों के इस सख्त रुख के बाद अब शहरवासियों को उम्मीद है कि बस स्टेशन चौराहे पर लगने वाले भीषण जाम से जल्द राहत मिल सकेगी।

Also Read- अहिंसा सर्वोच्च धर्म, लेकिन देश-समाज की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वालों के प्रति अपनानी पड़ेगी हिंसाः मुख्यमंत्री

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow