Mussoorie: केदारनाथ यात्रा के पहले ही दिन अव्यवस्था, हेली सेवा ठप, सैकड़ों श्रद्धालु परेशान।
अनुमति न मिलने से सुबह की उड़ानें रद्द, 100 से ज्यादा यात्री लौटे; VIP मूवमेंट के चलते नहीं मिल पाई लैंडिंग अनुमति, सरकार के दावों पर सवाल
रिपोर्टर सुनील सोनकर
मसूरी/केदारनाथ:
केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही जहां एक ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं यात्रा के पहले ही दिन व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। हेली सेवा बाधित होने से सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सर्विस लिमिटेड द्वारा संचालित हेलीकॉप्टर सेवाएं सुबह तय समय पर शुरू नहीं हो सकीं। सुबह 6 बजे से निर्धारित उड़ानों को केदारनाथ में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते पूरी हेली सेवा प्रभावित रही।
100 से ज्यादा श्रद्धालु लौटे, सैकड़ों इंतजार में
षेरसी हेलीपैड पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। उड़ानें रद्द होने के कारण 100 से अधिक यात्रियों को वापस लौटना पड़ा, जबकि सैकड़ों श्रद्धालु घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
कंपनी की ओर से यात्रियों को एक सप्ताह के भीतर टिकट राशि वापस करने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन इससे यात्रियों का गुस्सा कम नहीं हुआ है।
VIP मूवमेंट बना बड़ी वजह
हेली सेवा बाधित होने के पीछे VIP मूवमेंट को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। कंपनी के अनुसार, केदारनाथ में अधिक वीआईपी आवाजाही के चलते सामान्य उड़ानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई, जिससे आम श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी।
सरकारी दावों पर उठे सवाल
हर साल यात्रा से पहले सरकार बेहतर व्यवस्थाओं के दावे करती है, लेकिन पहले ही दिन सामने आई अव्यवस्थाओं ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि शुरुआत में ही ऐसी स्थिति है, तो आगे की यात्रा और भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
बेहतर प्रबंधन की मांग
हेलीपैड पर मौजूद यात्रियों ने व्यवस्था सुधारने और VIP मूवमेंट के बीच संतुलन बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि आम श्रद्धालुओं को नजरअंदाज कर VIP को प्राथमिकता देना उचित नहीं है। आस्था के इस बड़े पर्व की शुरुआत अव्यवस्थाओं के बीच हुई है, जिससे प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
What's Your Reaction?









