पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के निधन पर सीएम योगी ने जताया शोक: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की मां को भी दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

By INA News Desk
Oct 31, 2026 - 10:38
8 Views
पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के निधन पर सीएम योगी ने जताया शोक: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की मां को भी दी श्रद्धांजलि
Advertisement
Advertisement

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद आर.के. सिन्हा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माता के देहावसान पर भी गहरा शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि समाजसेवा, सामाजिक सरोकारों और संगठन के सुदृढ़ीकरण में आर.के. सिन्हा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने का धैर्य और संबल प्रदान करें।

भारतीय जनता पार्टी और जनसंघ के शुरुआती दौर से जुड़े रहे 75 वर्षीय वरिष्ठ नेता आर.के. सिन्हा ने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के अत्यंत विश्वस्त सहयोगियों में गिने जाते थे। संगठन के विस्तार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही वे वर्ष 2014 से 2020 तक बिहार से राज्यसभा सदस्य भी रहे।

वहीं, एक अन्य शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता के निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मां का जाना जीवन की सबसे अपूरणीय क्षति होती है। इस कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं केंद्रीय मंत्री एवं उनके पूरे परिवार के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पुण्यात्मा की सद्गति की कामना करते हुए परिजनों को इस गहन आघात को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement