Lucknow: यूपी टी-20 से प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को मिला बड़ा मंच, छह टीमें देखकर हो रही खुशीः सीएम योगी 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में क्रिकेट की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के

By INA News Desk
Aug 15, 2026 - 11:59
28 Views
Lucknow: यूपी टी-20 से प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को मिला बड़ा मंच, छह टीमें देखकर हो रही खुशीः सीएम योगी 
  • खेल से युवाओं में टीम भावना व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव विकसित होता है: मुख्यमंत्री
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का सीएम ने किया जिक्र
  • काशी से मेरठ तक, क्रिकेट के जरिए एक मंच पर आया पूरा यूपी: सीएम योगी 
  • फिट युवा ही बनाएंगे फिट इंडिया का मजबूत आधार: सीएम

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में क्रिकेट की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। यूपी टी-20 इसी सोच के साथ प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रहा है। सीएम ने कहा कि उन्हें वह समय याद है, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के दौरान उन्होंने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के समक्ष प्रदेश में क्रिकेट को लेकर अवसर बढ़ाने की बात रखी थी। आज प्रदेश की छह टीमें यूपी टी-20 के विशेष सीजन में हिस्सा ले रही हैं, यह देखकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के विशेष सीजन का शुभारंभ किया। शुभारंभ मुकाबले में काशी रुद्रा और मेरठ की टीमें आमने-सामने रहीं। 

  • काशी से मेरठ तक, क्रिकेट के जरिए एक मंच पर आया पूरा यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 में काशी रुद्रा, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर और नोएडा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों के माध्यम से पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है। साथ ही कोच, मेंटर, सपोर्टिंग स्टाफ और स्टेडियम से जुड़े लोगों को भी अपनी क्षमता के प्रदर्शन का अवसर मिलता है। बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।

  • यूपी के युवाओं को मिल रहा आगे बढ़ने का नया प्लेटफॉर्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 सिर्फ क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं बल्कि प्रदेश के युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला मंच है। अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। इससे प्रदेश में क्रिकेट का आधार मजबूत होगा और आने वाले समय में यूपी से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होने की संभावनाएं और बढ़ेंगी। प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल के प्रति आकर्षण बढ़ता है और उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने की प्रेरणा मिलती है।

  • फिट युवा ही बनाएंगे फिट इंडिया का मजबूत आधार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का जिक्र करते हुए कहा कि फिट युवा ही देश के स्वस्थ और सशक्त भविष्य की नींव मजबूत करेंगे। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव भी विकसित करते हैं। यूपी टी-20 जैसे आयोजन युवाओं को खेल के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर साबित करने का अवसर दे रहे हैं। प्रदेश के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों से यूपी टी-20 में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि आजादी के 80वें दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह आयोजन विशेष महत्व रखता है।

मुख्यमंत्री ने यूपी टी-20 से जुड़े सभी खिलाड़ियों, टीमों, कोच, सहयोगी स्टाफ और क्रिकेट प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युवा क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, यूपी टी-20 की विभिन्न टीमों के कप्तान और प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन मौजूद रहे।

Also Read- झारखंड: JPSC-JSSC परीक्षा धांधली के खिलाफ छात्र आंदोलन तेज, विधायक जयराम महतो विधानसभा के बाहर अनशन पर बैठे

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement